रायगढ़ में आधी रात ‘खूनी खेल’ : राम मंदिर के पास तलवार लहराकर आतंक मचाने वाले 4 गुंडे गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट लागू…

रायगढ़: शहर में गुंडागर्दी और हथियारों का खौफ दिखाकर दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर रायगढ़ पुलिस ने अपना भारी हंटर चला दिया है। राम मंदिर करमकांड चबूतरे के पास आधी रात को तलवार से जानलेवा हमला कर आतंक का पर्याय बनने की कोशिश कर रहे तीन युवकों और एक नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक) को कोतवाली पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपियों से हथियार जब्त कर उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।
आधी रात को मचाया मौत का तांडव – यह सनसनीखेज वारदात 5 जून 2026 की दरमियानी रात करीब 3:00 बजे की है। बैकुंठपुर निवासी 54 वर्षीय दिलीप कुमार चौबे अपने काम से लौटकर मित्र गौतम सिंह के साथ राम मंदिर करमकांड चबूतरा पर बैठे बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले की शांति चीरते हुए आरोपी भावेश निषाद उर्फ बिट्टु अपने गुर्गों के साथ वहां आ धमका।
बिना किसी उकसावे के, गालियां बकते हुए आरोपियों ने अपनी नंगी तलवार निकाल ली और दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खूनी हमले में दिलीप के दाहिने पैर और गौतम के बाएं हाथ पर गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद ये बदमाश वहां से फरार हो गए।
धांगरडीपा में पुलिस की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ – मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली में धारा 296, 118(1), 3(5) बीएनएस के तहत तुरंत एफआईआर (अपराध क्रमांक 297/2026) दर्ज की गई।
शहर में गुंडों के इस दुस्साहस को कुचलने के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल ने अपनी टीम के साथ देर रात धांगरडीपा क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई में चारों आरोपी दबोचे गए। पूछताछ में तलवार से हमले और घटना में स्कूटी के इस्तेमाल की पुष्टि होते ही पुलिस ने इन गुंडों पर शिकंजा कसते हुए प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 भी जोड़ दी।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी – गिरफ्तार किए गए आरोपियों को 6 जून 2026 को न्यायालय में पेश कर सीधा ज्यूडिशियल रिमांड पर भेज दिया गया है। पकड़े गए आरोपियों का विवरण इस प्रकार है:
- भावेश निषाद उर्फ बिट्टु (उम्र 20 वर्ष) – निवासी दुर्गा चौक, धांगरडीपा
- विशाल यादव (उम्र 18 वर्ष 8 माह) – निवासी शंकर नगर, धांगरडीपा
- साई यादव (उम्र 20 वर्ष) – निवासी शंकर नगर, धांगरडीपा
- एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)
एसएसपी शशि मोहन सिंह की दो टूक : ‘गुंडागर्दी पर जीरो टॉलरेंस’ – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह ने जिले के अपराधियों को खुला और सख्त संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया:
“रायगढ़ जिले में गुंडागर्दी, हथियारों का प्रदर्शन एवं कानून व्यवस्था को बिगाड़ने वाली कोई भी गतिविधि कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर का माहौल खराब करने वाले तत्वों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत इसी तरह की सख्त वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रखेगी।”




