रायगढ़

रायगढ़ पुलिस का ‘अभियान संवेदना’ : नाबालिगों से दरिंदगी करने वाले दो आरोपी सलाखों के पीछे, पुलिस के खौफ से एक ने कोर्ट में टेके घुटने…

रायगढ़। जिले में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के खिलाफ जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा तेजी से कसता जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान ‘अभियान संवेदना’ के तहत पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। छाल पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश से घबराकर जहां एक शातिर दरिंदे को अदालत में सरेंडर करना पड़ा, वहीं लैलूंगा पुलिस ने नाबालिग से ज्यादती के फरार आरोपी को घेराबंदी कर दबोच लिया।

केस 1: इंस्टाग्राम पर दोस्ती, ब्लैकमेलिंग और वर्षों तक शोषण; पुलिस दबिश से थर्राए आरोपी ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण – ​पारिवारिक पहचान का फायदा उठाकर एक नाबालिग छात्रा को हवस का शिकार बनाने वाला 46 वर्षीय आरोपी अमित उर्फ पुष्पेंद्र गोयल अब जेल की सलाखों के पीछे है।

  • सोशल मीडिया से बिछाया जाल : आरोपी ने पीड़िता की इंस्टाग्राम आईडी पर रिक्वेस्ट भेजकर दोस्ती बढ़ाई और अश्लील मैसेज भेजने लगा।
  • वर्षों तक किया शोषण : दिसंबर 2022 में जब पीड़िता पारिवारिक शोक के चलते छाल आई थी, तब आरोपी ने उसे पुराने मकान में बुलाकर दुष्कर्म किया। बदनामी का डर दिखाकर वह लगातार उसका दैहिक शोषण करता रहा। यहां तक कि जब पीड़िता उच्च शिक्षा के लिए रायपुर गई, वहां भी आरोपी ने होटल में ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती की।
  • पुलिसिया दबाव में सरेंडर : चक्रधरनगर थाने में जीरो एफआईआर के बाद थाना छाल में बीएनएस की धारा 64(2)(m) और 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध (क्र. 186/2026) दर्ज किया गया। लगातार संभावित ठिकानों पर पुलिसिया छापेमारी से घिरे आरोपी के पास कोई रास्ता नहीं बचा और उसने अदालत में घुटने टेक दिए।
  • रिमांड पर साक्ष्य बरामद : छाल पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के पुलिस रिमांड पर लेकर अहम डिजिटल व दस्तावेजी साक्ष्य जुटाए। रिमांड अवधि पूरी होने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

केस 2 : 14 वर्षीय बच्ची को डरा-धमकाकर ले गया घर, रातभर की दरिंदगी; लैलूंगा पुलिस ने दबोचा – लैलूंगा थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म करने वाले 20 वर्षीय युवक सूर्यांश यादव को पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है।

  • गुमसुम बच्ची ने बयां किया खौफ : पीड़िता कई दिनों से गुमसुम थी। मां द्वारा विश्वास में लेकर पूछताछ करने पर उसने बताया कि 4 अगस्त की रात करीब 9 बजे आरोपी सूर्यांश यादव उसके घर पहुंचा और डरा-धमकाकर अपने घर ले गया, जहां उसने रातभर जबरन शारीरिक संबंध बनाए और सुबह 4 बजे किसी को न बताने की धमकी देकर छोड़ दिया।
  • मुखबिर तंत्र से गिरफ्तारी : पीड़िता की मां की शिकायत पर लैलूंगा पुलिस ने बीएनएस की धारा 65(1), 351(3) और 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव की टीम ने फरार आरोपी की घेराबंदी के लिए जाल बिछाया और गांव पहुंचते ही उसे धर दबोचा। अदालत में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं और बच्चों के प्रति अपराध करने वाले अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा; कानून का शिकंजा उनके हर ठिकाने तक पहुंचेगा।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!