रायगढ़ पुलिस का ‘हंटर’ : लैलूंगा में दुष्कर्मी वृद्ध और पूंजीपथरा में मनचला गिरफ्तार, SSP बोले- “अपराधियों की खैर नहीं”…

रायगढ़। जिले में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से समझौता करने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान छेड़ दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के ‘जीरो टॉलरेंस’ निर्देश के बाद जिले की पुलिस एक्शन मोड में है। पिछले 24 घंटों के भीतर लैलूंगा और पूंजीपथरा पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों के दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है।
लैलूंगा : डरा-धमकाकर दुष्कर्म करने वाला 67 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार – लैलूंगा थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया, जहाँ एक 67 वर्षीय वृद्ध ने 20 साल की युवती को अपनी हवस का शिकार बनाया।
- वारदात : आरोपी नरसिंह खलखो (67 वर्ष) ने करीब 6-7 महीने पहले युवती के घर में अकेले होने का फायदा उठाकर जबरन अनाचार किया और जान से मारने की धमकी देकर खामोश रखा।
- पुलिसिया कार्रवाई : पीड़िता की शिकायत मिलते ही उप निरीक्षक गिरधारी साव ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया। पीड़िता की निजता का सम्मान करते हुए महिला अधिकारी से बयान कराए गए और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पूंजीपथरा : घर में घुसकर अश्लील हरकत करने वाला ‘गुड्डू’ धराया – पूंजीपथरा पुलिस ने भी महिला सुरक्षा के प्रति अपनी तत्परता दिखाई है। यहाँ एक विवाहिता के साथ छेड़खानी करने वाले आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों में ही सलाखों के पीछे पहुँचा दिया।
- वारदात : आरोपी टीकम सिदार उर्फ गुड्डू (38 वर्ष) आए दिन महिला पर अश्लील टिप्पणियां करता था। 21 मार्च को उसने घर में घुसकर छेड़खानी और अशोभनीय हरकत की।
- त्वरित एक्शन : निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धारा 75, 75(1)(iv) BNS के तहत केस दर्ज किया। प्रधान आरक्षक संजय यादव की टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया और आज उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी का कड़ा संदेश :
”महिला संबंधी अपराधों में रत्ती भर भी देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। त्वरित कार्रवाई और सख्त कानूनी कदम उठाना रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधी चाहे कोई भी हो, कानून के शिकंजे से नहीं बचेगा।”
शशि मोहन सिंह, एसएसपी, रायगढ़




