जशपुर

जशपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: ‘हिस्ट्रीशीटर’ लक्की सिंह फिर सलाखों के पीछे; बहू का गला घोंटने की कोशिश कर लूटे थे लाखों…

जशपुर। पुलिस ने इलाके के एक कुख्यात बदमाश और ‘जिला बदर’ रह चुके अपराधी रितेश प्रताप सिंह उर्फ लक्की को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर एक घर में घुसकर न केवल लाखों की डकैती की, बल्कि एक महिला की हत्या करने का भी प्रयास किया।

वारदात का खौफनाक मंजर – घटना 7 अप्रैल 2026 की रात की है। ग्राम खारीझरिया निवासी 60 वर्षीय किया राम यादव के घर में रात करीब 11:00 बजे सन्नाटा पसरा था, तभी चीख-पुकार मच गई। प्रार्थी जब अपनी बहू के कमरे की ओर दौड़ा, तो उसने देखा कि नामी बदमाश लक्की सिंह वहां से भाग रहा था। बाहर उसके दो अन्य साथी मोटरसाइकिल स्टार्ट कर तैयार खड़े थे।

तकिए से दबाया मुंह, फिर की लूटपाट : पुलिस जांच में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी लक्की सिंह ने घर में घुसकर जब अलमारी खोलने की कोशिश की, तो बहू ने उसे रोकने का साहस दिखाया। इस पर आरोपी ने हत्या की नीयत से तकिए से महिला का मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उसका दम घुटने लगा। महिला को अधमरा कर आरोपी ने अलमारी से:

  • ₹2,10,000 नगद
  • चांदी की पायल * रियलमी मोबाइल हैंडसेट लूट लिए और फरार हो गए।

पुलिस की घेराबंदी और गिरफ्तारी – मामले की गंभीरता को देखते हुए DIG एवं SSP श्री लाल उमेद सिंह के निर्देशन में साइबर यूनिट और कुनकुरी पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर मुख्य आरोपी रितेश प्रताप उर्फ लक्की सिंह को धर दबोचा।

आरोपी का आपराधिक इतिहास :  गिरफ्तार आरोपी लक्की सिंह एक शातिर अपराधी है। इसे पहले जिला बदर किया जा चुका है। इतना ही नहीं, पिछला रिकॉर्ड गवाह है कि यह आरोपी लोरो घाटी के पास पुलिस कस्टडी से भी भाग चुका है।

बरामदगी और कानूनी कार्रवाई – पुलिस ने आरोपी के पास से लूट की रकम में से ₹18,000 नगद और वारदात में इस्तेमाल की गई HF डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश सरगर्मी से जारी है।

दर्ज धाराएं :

थाना कुनकुरी में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है:

  • धारा 309(4), 331(6), 3(5) BNS
  • ​विवेचना के दौरान धारा 109(1) BNS (हत्या का प्रयास) भी जोड़ी गई है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका – ​इस बड़ी कामयाबी में SDOP कुनकुरी विनोद मंडावी, उनि. राकेश सिंह, सउनि. ईश्वर वारले, आरक्षक रामानुजम पाण्डेय, छविकांत पैंकरा और साइबर टीम का विशेष योगदान रहा।

अपराध की दुनिया का अंत सलाखें ही हैं। जशपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!