वेदांता पावर प्लांट में बड़ा हादसा : 34 श्रमिक प्रभावित, मौतों की जांच के लिए कमिश्नर ने संभाली कमान…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा तहसील स्थित वेदांता पावर लिमिटेड (सिंघीतराई) में एक भीषण तकनीकी हादसे ने हड़कंप मचा दिया है। प्लांट की बॉयलर यूनिट-1 में स्टीम पाइप के वाटर सप्लाई पाइप का जॉइंट फटने से बड़ा हादसा हुआ, जिसमें 34 श्रमिक सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। घटना में हुई मौतों और सुरक्षा खामियों की उच्च स्तरीय जांच के लिए शासन ने बिलासपुर संभाग के आयुक्त (कमिश्नर) को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
हादसे की मुख्य बातें :
- तारीख: 14 अप्रैल 2026
- स्थान: बॉयलर यूनिट-1, वेदांता पावर लिमिटेड, सिंघीतराई (सक्ती)
- कारण: स्टीम पाइप के वाटर सप्लाई जॉइंट में तकनीकी खराबी।
- हताहत: कुल 34 श्रमिक प्रभावित (मृत्यु की अधिकारिक पुष्टि और संख्या की जांच जारी)।
न्याय के लिए जनता के सामने खुली अदालत – बिलासपुर कमिश्नर कार्यालय द्वारा जारी ‘इश्तहार’ के मुताबिक, इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए आमजन और चश्मदीदों को आमंत्रित किया गया है। यदि किसी व्यक्ति के पास इस दुर्घटना से संबंधित कोई साक्ष्य (Evidence), दस्तावेज या महत्वपूर्ण जानकारी है, तो वह सीधे जांच अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत हो सकता है।
सुनवाई का विवरण :
- दिनांक : 29 अप्रैल 2026
- समय : सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक
- स्थान : कार्यालय कमिश्नर, बिलासपुर संभाग (सभागार)
बड़ा सवाल : क्या यह महज एक ‘तकनीकी खराबी’ थी या श्रमिकों की सुरक्षा में बरती गई एक आपराधिक लापरवाही? 34 जिंदगियों से जुड़े इस संवेदनशील मामले में अब सबकी नजरें 29 तारीख को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं।
पूर्व में प्रकाशित खबर…



