रायगढ़

रायगढ़ में राहगीरों से लूटपाट करने वाले बेखौफ गिरोह का पर्दाफाश : नाबालिग समेत 7 दबोचे गए, केस में डकैती की धारा जुड़ी…

रायगढ़: किरोड़ीमलनगर इलाके में राहगीरों और सेल्समैनों को आतंकित कर लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह पर कोतरारोड़ पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने दो अलग-अलग सनसनीखेज वारदातों की गुत्थी सुलझाते हुए गिरोह के 6 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया है। वारदात में आरोपियों की संख्या पांच से अधिक होने के चलते पुलिस ने मामले में डकैती की गैर-जमानती धारा 310(2) बीएनएस जोड़कर सभी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

श्मशान ले जाकर पीटा, ऑनलाइन ट्रांसफर कराए थे 4 हजार – पहली वारदात 8 सितंबर को सामने आई थी, जहां गेल्वे कंपनी के सेल्समैन गोविंद सिंह धुर्वे और उसके साथी नरेश सिंह को किरोड़ीमलनगर रेलवे लाइन किनारे विमल उरांव और उसके 6-7 साथियों ने घेर लिया। पैसे न मिलने पर आरोपियों ने दोनों के मोबाइल छीन लिए और बर्बरतापूर्वक मारपीट करते हुए श्मशान घाट के पास ले गए। वहां नरेश के फोन से जबरन एक दुकान पर 4,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए गए।

स्टेशन के पास भी की थी लूट – उसी शाम गिरोह ने रेलवे स्टेशन चौक के पास एक अन्य सेल्समैन आर्यन बंजारे को भी निशाना बनाया। पल्सर और अन्य बाइक सवार इन बदमाशों ने आर्यन के साथ मारपीट कर उसका रेडमी मोबाइल और जरूरी दस्तावेजों वाला पर्स लूट लिया था।

घेराबंदी कर दबोचा गया गिरोह – लगातार दो वारदातों के बाद कोतरारोड़ पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पतासाजी के दौरान सामने आया कि कोसमपाली और आसपास के युवक गिरोह बनाकर इलाके में आतंक फैला रहे हैं। पुलिस ने त्वरित दबिश देकर मुख्य आरोपी विमल उरांव समेत सभी संदिग्धों को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने दोनों घटनाओं में शामिल होना कबूल कर लिया।

बरामदगी:

  • ​3 छीने गए मोबाइल फोन
  • ​लूट के 1000 रुपये नकद
  • ​वारदात में प्रयुक्त जावा और पल्सर बाइक

ये हैं सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी:

  • ​विमल उरांव (22 वर्ष), निवासी कोसमपाली गोदामडिपा
  • ​रितेश कुमार महंत उर्फ गोल्डी (21 वर्ष), निवासी कोसमपाली
  • ​दुर्गेश चौहान (19 वर्ष), निवासी गोदामडिपा कोसमपाली
  • ​बिट्टू उर्फ विवेक पटैल (22 वर्ष), निवासी हाल गणेश चौक किरोड़ीमलनगर
  • ​महावीर पटैल (19 वर्ष), निवासी हाल गणेश चौक किरोड़ीमलनगर
  • ​ऋषि चौहान (19 वर्ष), निवासी गोदामडिपा कोसमपाली
  • ​एक विधि से संघर्षरत बालक (अभिरक्षा में)

एसएसपी शशि मोहन सिंह, एएसपी अनिल सोनी और डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह, एएसआई मनमोहन बैरागी व उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह को बेनकाब कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!