तमनार : युवाओं की नसों में ‘जहर’ घोलने वालों पर पुलिस का शिकंजा; बाइक के हैंडल में छिपाकर ला रहा था मौत का सामान, रंगे हाथों दबोचा गया…

रायगढ़। जिले को नशामुक्त बनाने के लिए रायगढ़ पुलिस अब ‘एक्शन मोड’ में आ गई है। एसपी दिव्यांग कुमार पटेल के ‘जीरो टॉलरेंस’ अल्टीमेटम का असर जमीनी स्तर पर दिखने लगा है। तमनार पुलिस ने एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए युवाओं को नशे की लत लगाने वाले एक शातिर सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल का जखीरा बरामद हुआ है, जिसे वह बेहद शातिर तरीके से बाइक में छिपाकर सप्लाई करने जा रहा था।
बाइक के हैंडल में छिपा था ‘सफेद जहर’ – तमनार पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि लैलूंगा की ओर से एक बिना नंबर की पल्सर बाइक पर नशीली दवाओं की खेप तमनार लाई जा रही है। थाना प्रभारी कमला पुसाम के नेतृत्व में पुलिस ने मिलूपारा-कोड़केल मार्ग पर जाल बिछाया। जैसे ही संदेही बाइक सवार वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे घेर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी की चालाकी देखकर पुलिस भी दंग रह गई। आरोपी ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए मोटरसाइकिल के हैंडल के अंदर प्लास्टिक की पन्नी में नशीले कैप्सूल छिपा रखे थे। पुलिस ने हैंडल खुलवाकर वहां से 288 नग प्रतिबंधित स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल बरामद किए।
पूरा नेटवर्क खंगाला : सप्लायर और खरीदार भी नामजद – गिरफ्तार आरोपी की पहचान निलमणी गुप्ता (30 वर्ष) निवासी बिजना, तमनार के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में उसने नशे के इस काले कारोबार की पूरी चेन का खुलासा कर दिया है:
- मास्टरमाइंड : कैप्सूल मंगाने वाला सुनील बेहरा (निवासी लिबरा)।
- मुख्य सप्लायर : लैलूंगा के राजपुर का विकास यादव, जिसने फोनपे (PhonePe) पर 6000 रुपये लेकर यह खेप सप्लाई की थी।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी निलमणी के साथ-साथ इन दोनों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 21(C) और 29 के तहत नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है।
जप्ती का विवरण (कीमत ₹1.18 लाख से अधिक) – पुलिस ने मौके से निम्नलिखित सामग्री जप्त की है:
- नशीली कैप्सूल : 36 पत्ते (कुल 288 कैप्सूल)
- वाहन : बिना नंबर की बजाज पल्सर NS 125 (घटना में प्रयुक्त)
- मोबाइल : एक मोटोरोला हैंडसेट
पुलिस का स्पष्ट संदेश : बख्शे नहीं जाएंगे नशे के सौदागर –
“जिले में नशे का अवैध कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सप्लायर हो, ट्रांसपोर्टर हो या खरीददार—कानून का डंडा सब पर चलेगा। यह कार्रवाई युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए है और आगे भी निरंतर जारी रहेगी।”
जिला पुलिस, रायगढ़
जनता से अपील: यदि आपके आसपास कोई नशीली दवाओं की बिक्री कर रहा है या युवाओं को गुमराह कर रहा है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। आपका नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।




