ऑपरेशन शंखनाद : जशपुर पुलिस ने तस्करों के चंगुल से मुक्त कराए 17 गोवंश, 2 आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल…

जशपुर। जिला पुलिस द्वारा गो-तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दुलदुला और कुनकुरी थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 17 गोवंशों को क्रूरता से बचाया है। इस मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
केस 1 : दुलदुला पुलिस की जंगल में घेराबंदी : 18 दिसंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दुलदुला थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम बनगांव के जंगलों में दबिश दी। वहां तीन व्यक्ति गोवंशों को बेरहमी से पीटते हुए पैदल हांक कर ले जा रहे थे।
पुलिस की घेराबंदी देख आरोपी भागने लगे, जिनमें से एक आरोपी नरेन्द्र यादव (44 वर्ष) को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह गोवंशों को बिक्री के लिए ओडिशा ले जा रहा था। उसके कब्जे से 07 गोवंश बरामद किए गए हैं।
केस 2 : कुनकुरी पुलिस की मुस्तैदी : इसी कड़ी में 20 दिसंबर को कुनकुरी थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार यादव की टीम ने ग्राम पाकरकूद में घेराबंदी कर मोहम्मद कासिम आलम (36 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी 10 गोवंशों को झारखंड के गोविंदपुर ले जाने की फिराक में था। पुलिस को देखते ही उसका एक साथी फरार हो गया, जबकि कासिम को 10 गोवंशों के साथ हिरासत में ले लिया गया।
कड़ी कानूनी कार्यवाही : दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज किया है। सभी 17 गोवंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।
एसएसपी का वक्तव्य :
“जशपुर पुलिस गो-तस्करी के खिलाफ पूरी तरह मुस्तैद है। ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत तस्करों पर नकेल कसी जा रही है। फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” – शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर




