पत्थलगांव : तमता यात्री प्रतीक्षालय में शराब के नशे में धुत व्यक्ति की संदिग्ध मौत, इलाके में सनसनी…

जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत तमता स्थित यात्री प्रतीक्षालय में शुक्रवार की देर रात एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान चन्द्रा सिंह (45 वर्ष) पिता सिंगा राम, निवासी अम्बिकापुर, गांधी नगर के रूप में की गई है। घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक चन्द्रा सिंह पिछले कुछ समय से अपने ससुराल ग्राम खरकट्टा में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता था। शुक्रवार की देर रात वह शराब के नशे में धुत अवस्था में तमता यात्री प्रतीक्षालय में देखा गया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात के समय वह वहीं पड़ा मिला और सुबह तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने बताया कि चन्द्रा सिंह आदतन शराबी था और नशे की हालत में अक्सर घर से बाहर ही भटकता रहता था। वहीं, ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि नशे की हालत में खुले आम पड़ी हालत में किसी की जान चली जाना, पुलिस की गश्त व्यवस्था और स्थानीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।
सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची, मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया गया और पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले को अकस्मात मृत्यु (मर्ग) के रूप में दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते उपचार या मदद मिल जाती तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।




