खाकी की कलाई पर बंधा विश्वास का धागा: ‘एक शाम राखी के नाम’ कार्यक्रम में रायगढ़ पुलिस ने लिया बहनों की हिफाजत का पक्का संकल्प…

- ‘हैलो सिस्टर’ हेल्पलाइन (94792705) पर सीधे महिला अफसरों से मिलेगी त्वरित मदद; एसएसपी शशि मोहन सिंह बोले— महिला और बाल सुरक्षा से कोई समझौता नहीं…
रायगढ़। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर रायगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम में कर्तव्य, सुरक्षा और मानवीय संवेदना का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘एक शाम राखी के नाम’ विशेष कार्यक्रम के तहत लायंस क्लब प्राइड की बहनों ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। खाकी ने भी बहनों को उपहार भेंट कर जिले की हर बेटी और महिला की सुरक्षा का खुला संकल्प दोहराया।
इस मौके पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त और स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि रायगढ़ पुलिस के लिए महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
‘हैलो सिस्टर’ हेल्पलाइन बनी ढाल – एसएसपी ने जानकारी दी कि आधी आबादी की सुरक्षा और सहायता के लिए ‘हैलो सिस्टर’ हेल्पलाइन नंबर 94792705 पूरी तरह सक्रिय है। किसी भी तरह के उत्पीड़न, समस्या या कानूनी मार्गदर्शन के लिए महिलाएं बेझिझक संपर्क कर सकती हैं। इस हेल्पलाइन की सबसे बड़ी ताकत यह है कि हर शिकायत की सीधी मॉनिटरिंग और जांच महिला पुलिस अधिकारी करती हैं, जिससे पीड़ितों को संकोचमुक्त और संवेदनशील माहौल में तुरंत न्याय मिल सके।
वर्दी और जनता का अटूट रिश्ता – एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जिले के जनसहयोग की सराहना करते हुए कहा कि रायगढ़ की जनता का पुलिस के प्रति विश्वास ही जवानों को 24 घंटे मुस्तैदी से काम करने की ऊर्जा देता है। उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज के बीच यह आत्मीय रिश्ता अपराधियों के हौसले पस्त करने और कानून व्यवस्था को मजबूत रखने में सबसे बड़ा हथियार है।
इन्होंने निभाई भागीदारी – कार्यक्रम में एडिशनल एसपी ट्रैफिक पुष्पेंद्र बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर, एस.एन. सिंह समेत कई पुलिस जवान मौजूद रहे। वहीं लायंस क्लब प्राइड की अध्यक्ष डॉ. सविता साव, कोषाध्यक्ष मनीषा वर्मा, आशा बेरीवाल, चंपा अग्रवाल, शिखा खजांची, डॉ. प्रियंका सक्सेना, रानू पटेल, भावना पुलस्तिया, रितु तायल, मंजू डालमिया, निर्मला बेरीवाल, तान्या साव, दीपिका साव और चरंजीत घई ने खाकी वर्दीधारियों को तिलक लगाकर रक्षा सूत्र बांधा और उनके दीर्घायु व सुरक्षित जीवन की कामना की।




