जशपुर में खौफनाक मंजर: सिस्टम से हारी या डिप्रेशन का शिकार? थाने के सामने 100 फीट ऊंचे टावर पर फंदे से झूल गई 22 वर्षीय मां!…

जशपुर। जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक 22 वर्षीय महिला ने अपनी 4 साल की बच्ची के दस्तावेज़ों के लिए दर-दर भटकने के बाद, कुनकुरी थाने के ठीक सामने स्थित 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़कर फांसी लगा ली। मौत को गले लगाने से ठीक पहले उसने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को अपनी पीड़ा भी बताई थी, लेकिन प्रशासन की समझाइश और घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन भी इस खौफनाक कदम को नहीं रोक सका।
खबर की मुख्य बातें :
- घटनास्थल : कुनकुरी थाना परिसर के सामने लगा वायरलेस/मोबाइल टावर।
- मृतका : 22 वर्षीय निलिमा लकड़ा, निवासी ग्राम धुमाडांड।
- वजह : बच्ची का जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड बनवाने में आ रही परेशानी और गंभीर मानसिक तनाव।
- खौफनाक तरीका : यूट्यूब पर सुसाइड के वीडियो देखकर 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी और दुपट्टे से फंदा बनाया।
सिस्टम की चौखट पर मौत का लाइव तमाशा – घटना मंगलवार तड़के 5 बजे की है। निलिमा लकड़ा थाने के सामने लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। जब तक नीचे मौजूद पुलिस और रेस्क्यू टीम (डीडीआरएफ और नगर सेना) उसे बातों में उलझाकर नीचे उतारने की कोशिश करती, उसने अपने दुपट्टे से फंदा बनाया और 100 फीट की ऊंचाई पर लटक गई। टावर की अत्यधिक ऊंचाई होने के कारण पुलिस बेबस नजर आई और घंटों की मशक्कत के बाद केवल उसका शव ही नीचे उतारा जा सका।
आधार कार्ड की जद्दोजहद और लापता होने की कहानी – जानकारी के मुताबिक, सोमवार (25 मई) को निलिमा अपनी 4 साल की बेटी का जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड बनवाने के लिए अपनी मां के साथ अस्पताल गई थी। सरकारी दफ्तरों और अस्पताल के चक्कर काटते-काटते वह अचानक वहां से लापता हो गई। रिश्तेदार उसे ढूंढ़ ही रहे थे कि मंगलवार सुबह उसके खौफनाक कदम की खबर आ गई।
यूट्यूब की ‘खूनी’ सर्च हिस्ट्री और मानसिक तनाव – परिजनों और पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि निलिमा लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। वह अपने मोबाइल पर अक्सर ‘टावर पर चढ़कर सुसाइड कैसे करते हैं’ जैसे वीडियो यूट्यूब पर सर्च करके देखती थी।
“बेटी का दिमाग सही नहीं रहता था। जो फोन करता था उसके पीछे चली जाती थी। हमारी बात मानना भी छोड़ चुकी थी। समझाने से भी नहीं समझती थी।”
– पुष्पा लकड़ा (मृतका की मां)
“थाने के सामने टावर पर महिला ने फांसी लगाई है। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नही थी। टावर पर चढ़कर सुसाइड कैसे करते हैं, यह महिला ने यूट्यूब पर देखा था। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।”
– राकेश पाटनवार (ASP, जशपुर)
आगे क्या? – घटना के वक्त मौके पर एएसपी राकेश पटनवार, एसडीएम नंद जी पांडे और एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी समेत भारी पुलिस बल और भीड़ मौजूद थी। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। यह घटना इस बात पर एक बड़ा सवालिया निशान छोड़ जाती है कि क्या यह सिर्फ एक मानसिक बीमारी का नतीजा था, या सरकारी सिस्टम की जटिलताओं ने एक बीमार मां को मौत के मुंह में धकेल दिया?




