लैलूंगा में शिक्षा के नाम पर व्यापार, सुरक्षा शून्य : सेंट माइकल स्कूल में 13 वर्षीय छात्र से बर्बर रैगिंग, आंख फोड़ने की कोशिश और जानलेवा हमले के बाद भी प्रशासन बेपरवाह!…

रायगढ़। जिले के लैलूंगा का सेंट माइकल इंग्लिश मीडियम स्कूल शिक्षा का केंद्र कम और लापरवाही का अड्डा ज्यादा साबित हो रहा है। अभिभावकों से हर महीने मोटी फीस ऐंठने वाला स्कूल प्रबंधन बच्चों को बुनियादी सुरक्षा तक देने में पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है। स्कूल की घोर लापरवाही और लचर निगरानी का ही नतीजा है कि परिसर के भीतर कक्षा 8वीं के उद्दंड छात्रों ने 7वीं के 13 वर्षीय मासूम छात्र को घेरकर जानलेवा हमला कर दिया और स्कूल प्रशासन कान में तेल डालकर सोता रहा।
स्कूल के भीतर गुंडों का तांडव, कहां सो रहा था प्रशासन? – दिनदहाड़े 21 अगस्त की सुबह 11:30 बजे जब स्कूल में पढ़ाई का समय होता है, उस वक्त छात्र शौचालय के पास खुलेआम 13 वर्षीय छात्र पर टूट पड़े। गंदी गालियां दी गईं, आंख और चेहरे पर अंधाधुंध वार किए गए और बचाव में आए अन्य छात्रों को भी पीटा गया। सवाल उठता है कि जब स्कूल परिसर में इतना बड़ा बखेड़ा खड़ा हुआ और चीख-पुकार मची, तब ड्यूटी पर तैनात शिक्षक, अनुशासन प्रभारी और सुरक्षा गार्ड किस कोने में गपशप लड़ा रहे थे?
प्रबंधन की खुली पोल: नियमों की धज्जियां उड़ाता स्कूल – इस खौफनाक वारदात ने स्कूल प्रबंधन की पोल खोल कर रख दी है:
- निगरानी शून्य: स्कूल के संवेदनशील हिस्सों और कॉरिडोर्स में निगरानी की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं है, जिससे सीनियर छात्र मनमानी गुंडागर्दी करते घूम रहे हैं।
- एंटी-रैगिंग गाइडलाइंस की अनदेखी: सुप्रीम कोर्ट और शिक्षा विभाग के सख्त दिशानिर्देशों के बावजूद स्कूल में एंटी-रैगिंग सेल सिर्फ कागजों तक सीमित है।
- दहशत में छात्र, अनजान प्रशासन: बच्चों को जान से मारने की खुली धमकी दी गई, पीड़ित छात्र गहरे मानसिक आघात (Trauma) में है, लेकिन प्रबंधन अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते नजर आ रहा है।
BEO और पुलिस से शिकायत: स्कूल की मान्यता रद्द करने और FIR दर्ज करने की मांग – अभिभावकों में स्कूल प्रशासन के गैर-जिम्मेदाराना रवैये को लेकर भारी आक्रोश है। पीड़ित के परिजनों ने लैलूंगा थाने और खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को लिखित शिकायत देकर साफ कहा है कि इस वारदात की आधी जिम्मेदार स्कूल की ढीली व्यवस्था है। मांग की जा रही है कि आरोपी छात्रों पर BNS व एंटी-रैगिंग नियमों के तहत गैर-जमानती धाराओं में FIR दर्ज करने के साथ-साथ, छात्रों की जान जोखिम में डालने वाले सेंट माइकल स्कूल प्रबंधन पर भी कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए।




