ऑपरेशन शंखनाद : जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार में तस्करी कर ले जाया जा रहा 60 किलो गौ-मांस जप्त…

जशपुर। जिले में पुलिस ने ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत पशु तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। चौकी कोतबा पुलिस ने नाकेबंदी कर ओडिशा से छत्तीसगढ़ लाए जा रहे भारी मात्रा में गौ-वंश मांस के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी अल्टो कार में 60 किलो मांस छिपाकर रायगढ़ जिले की ओर खपाने ले जा रहा था।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल – मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 मार्च की रात कोतबा पुलिस मुख्य मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ओडिशा के ग्राम बनडेगा से एक तस्कर अपनी अल्टो कार (क्रमांक OR-14-G-3271) में गौ-वंश का वध कर उसका मांस लेकर लैलूंगा (रायगढ़) की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रुकवाया।
बैगों में भरे थे मांस के 60 पैकेट – जब पुलिस ने अल्टो कार की तलाशी ली, तो दंग रह गई। कार के भीतर ड्राइवर सीट के पास और पिछली सीट पर रखे बैगों में 1-1 किलो के 60 प्लास्टिक पैकेट बरामद हुए। कुल 60 किलो संदिग्ध मांस मिलने पर पुलिस ने वाहन चालक जीसान हुसैन (24 वर्ष), निवासी सुंदरगढ़ (ओडिशा) को हिरासत में ले लिया।
पशु चिकित्सक ने की पुष्टि, आरोपी पहुंचा जेल – जप्त किए गए मांस का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके गौ-वंश मांस होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ:
- छ.ग. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही अपराध में प्रयुक्त अल्टो कार को भी जप्त कर लिया गया है।
इन जांबाजों की रही मुख्य भूमिका – इस सफल कार्रवाई में कोतबा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बृजेश यादव, प्रधान आरक्षक अजय खेस, संजय लकड़ा, आरक्षक अभय चौबे, बूटा सिंह, नवनीत मिश्रा, रघुराज रजक, सुशील तिर्की और निर्मल नाग का विशेष योगदान रहा।
नोट : जशपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध तस्करी और गोवंश के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।




