रायगढ़

सड़कों पर ‘यमराज’ बनी रफ्तार से गौवंशो को बचाएगा बजरंग दल ; रायगढ़ में 47 गायों को पहनाया ‘सुरक्षा कवच’…

रायगढ़। इन दिनों सड़कों पर बेमौत मर रहे गौवंश की सुरक्षा के लिए बजरंग दल ने एक बड़ी और सराहनीय पहल शुरू की है। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और उनमें दम तोड़ती गायों की स्थिति को देखते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रात के अंधेरे में गौवंश को ‘दृश्यमान’ बनाने का बीड़ा उठाया है।

अंधेरे में चमकेगा ‘रेडियम पट्टा’, थमेगी दुर्घटनाओं की रफ्तार : अक्सर रात के समय सड़कों पर बैठे या घूमते गौवंश वाहन चालकों को नजर नहीं आते, जिससे भीषण टक्कर होती है। इसमें न केवल बेजुबान जानवर अपनी जान गंवाते हैं, बल्कि वाहन चालक भी गंभीर रूप से घायल होते हैं। इस समस्या का काट निकालते हुए बजरंग दल ने 47 गौवंशों को रेडियम पट्टा पहनाया है। अब रात के अंधेरे में वाहनों की लाइट पड़ते ही ये पट्टे चमकेंगे, जिससे चालक दूर से ही सतर्क हो जाएंगे।

युवा टीम ने संभाली कमान : ​बजरंग दल के जिला सह संयोजक जगजोत भल्ला एवं नगर मंत्री देव्यांश पाण्डेय के नेतृत्व में युवाओं की टोली ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में जाकर इस अभियान को अंजाम दिया। इस सेवा कार्य में नितिन, तरुण, यश, नवीन, पियूष, अमन, पंकज और धर्मेन्द्र जैसे कर्मठ कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

“गौ सेवा हमारे लिए केवल नारा नहीं, बल्कि संकल्प है। सड़कों पर तड़पते गौवंश को बचाना हमारी प्राथमिकता है। यह अभियान अभी थमेगा नहीं, बल्कि शहर के हर कोने तक पहुंचेगा ताकि एक भी गाय दुर्घटना का शिकार न हो।” – बजरंग दल नेतृत्व, रायगढ़

जनता ने सराहा, बताया ‘जीवन रक्षक’ कदम : बजरंग दल की इस पहल की शहरवासियों ने जमकर सराहना की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन और नगर निगम की सुस्ती के बीच युवाओं का यह प्रयास न केवल गौ सेवा है, बल्कि सड़क सुरक्षा की दिशा में भी एक बड़ा कदम है। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और आने वाले दिनों में सैकड़ों और गौवंशों को इस सुरक्षा कवच से लैस किया जाएगा।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!