छात्राओं पर अश्लील गाना गाकर रील बनाना पड़ा भारी: रायगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़ा मनचला, थाने में मांगी माफी…

रायगढ़। सोशल मीडिया पर चंद लाइक्स और फॉलोअर्स बटोरने के फेर में मर्यादा लांघना एक युवक को भारी पड़ गया। स्कूल से घर लौट रही मासूम छात्राओं के सामने फूहड़ व अश्लील गाना गाकर रील बनाने और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड करने वाले मनचले पर रायगढ़ पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा है।
क्या है मामला? – धरमजयगढ़ क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व स्कूल की छात्राओं को देखकर एक युवक ने सार्वजनिक स्थान पर अशोभनीय व द्विअर्थी गाना गाते हुए मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड किया। इसके बाद आरोपी ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट कर दिया। छात्राओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया।
आईडी ट्रेस कर युवक को थाने में किया तलब – मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी सिद्धांत तिवारी ने तत्काल संज्ञान लिया। पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी खंगालकर आरोपी की पहचान जयदेव मंडल (25 वर्ष), पिता समरेत मंडल, निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी के रूप में की। पुलिस ने तत्काल उसे तलब कर कड़ी पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने अपने ही मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड करने का जुर्म कबूल कर लिया।
कानून का डंडा : थाने में उतरा रील का नशा – एसडीओपी सिद्धांत तिवारी ने युवक की क्लास लगाते हुए सख्त हिदायत दी कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं को असहज करना व अश्लीलता फैलाना कानूनन अपराध है। पुलिस की सख्त कार्रवाई और समझाइश के बाद मनचले का सारा खुमार उतर गया। आरोपी ने लिखित में अपने कृत्य पर माफी मांगी और भविष्य में दोबारा ऐसी गलती न करने का हलफनामा दिया।
रायगढ़ पुलिस की दो टूक चेतावनी – पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का मंच है, अराजकता और फूहड़पन फैलाने का अड्डा नहीं। रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल 24 घंटे हर डिजिटल गतिविधि पर पैनी नजर रख रही है। किसी की अस्मिता से खिलवाड़ करने, भड़काऊ या अश्लील सामग्री पोस्ट करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।




