एकतरफा प्यार में दरिंदगी : बेटी ने बातचीत से नकारा तो मां को कुल्हाड़ी से काट डाला, 24 घंटे में झारखंड से दबोचा गया कातिल…

जशपुर। एकतरफा प्यार की सनक ने एक बार फिर खूनी खेल रच दिया। बात करने से इनकार करने पर बौखलाए युवक ने युवती की 55 वर्षीय बेबस मां की टांगिया (कुल्हाड़ी) से बेरहमी से काटकर हत्या कर दी। जशपुर पुलिस ने अंधे कत्ल की इस खौफनाक गुत्थी को 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को पड़ोसी राज्य झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है।
मवेशी चराकर लौटा पति, कमरे में बिछी थी खून से लथपथ लाश – वारदात थाना आस्ता क्षेत्र के ग्राम हर्री की है। 3 सितंबर की दोपहर मृतिका धनमनी बाई (55 वर्ष) का पति मवेशी चराने जंगल गया हुआ था। घर में धनमनी अकेली थीं। शाम करीब 6 बजे जब पति लौटा, तो घर का मंजर देखकर सन्न रह गया। धनमनी जमीन पर बेसुध पड़ी थीं, चेहरे और सिर पर गहरे घाव थे, खून बह रहा था और पास ही खून से सनी टांगिया पड़ी थी। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण जमा हुए, लेकिन तब तक धनमनी दम तोड़ चुकी थीं।
‘मेरी बेटी का पीछा छोड़ दो’… और सिर पर चला दी कुल्हाड़ी – जशपुर पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर जब फॉरेंसिक और विशेष टीम ने जांच शुरू की, तो कड़ियां जुड़ती चली गईं। जांच में सामने आया कि ग्राम कोमडो निवासी अवधेश राम उर्फ गुटका (30 वर्ष) मृतिका की बेटी से एकतरफा प्रेम करता था। युवती ने बातचीत बंद कर दी थी, जिससे वह आगबबूला था।
घटना के दिन आरोपी धनमनी के घर आ धमका। जब बुजुर्ग मां ने दो टूक शब्दों में उसे अपनी बेटी से दूर रहने और परेशान न करने की चेतावनी दी, तो आरोपी ने अपना आपा खो दिया। उसने घर में रखी टांगिया उठाई और महिला के सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। धनमनी ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया और आरोपी वहां से भाग निकला।
साइबर सेल और तकनीकी टीम का चक्रव्यूह: रायडीह (झारखंड) से दबोचा – हत्या को अंजाम देकर आरोपी सीमा पार कर झारखंड भागने की फिराक में था। जशपुर पुलिस की टेक्निकल टीम ने जब लोकेशन ट्रैक की, तो उसका सुराग झारखंड के रायडीह में मिला। आस्ता पुलिस और विशेष दस्ते ने त्वरित दबिश देकर आरोपी को चारों तरफ से घेर लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर अवधेश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खून से सनी टांगिया बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।




