ऑपरेशन ‘क्लीन हंट’ में घरघोड़ा पुलिस का बड़ा प्रहार : रास्ता न मिलने पर युवक को पीटने और जातिसूचक गाली बकने वाला मोनू खान सलाखों के पीछे…

रायगढ़। सड़क पर कार अड़ाकर दबंगई दिखाना और एक निर्दोष कामगार युवक पर जातिसूचक फब्तियां कसते हुए हाथ छोड़ना अब आरोपी तारिख अनवर उर्फ मोनू खान को भारी पड़ गया। रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देश पर जिले भर में कुख्यात अपराधियों व वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने फरार चल रहे इस शातिर आरोपी को दबोचकर जेल का रास्ता दिखा दिया है।
हॉर्न बजाया, कार अड़ाई और बरसाए लात-घूंसे – यह सनसनीखेज वारदात 14 फरवरी की रात की है। कंचनपुर के संकरे रास्ते से जब एक पिकअप चालक मजदूरों को लेकर जामपाली जा रहा था, तभी पीछे से लग्जरी कार सवार मोनू खान अंधाधुंध हॉर्न बजाने लगा। रास्ता संकरा होने के कारण जब पिकअप तुरंत किनारे नहीं हो सकी, तो आपे से बाहर हुए मोनू ने फिल्मी अंदाज में अपनी कार पिकअप के आगे अड़ाकर रास्ता रोक दिया। इसके बाद आरोपी ने चालक को कॉलर पकड़कर नीचे घसीटा और जातिसूचक गालियां देते हुए बेरहमी से लात-घूंसों और थप्पड़ों से जमकर पीटा। जाते-जाते उसने जान से मारने की खुली धमकी भी दी।
लगी गैर-जमानती एट्रोसिटी एक्ट की धाराएं – पीड़ित युवक की तहरीर पर घरघोड़ा पुलिस ने तत्काल बीएनएस की धाराओं 296, 351(3), और 115(2) के तहत जुर्म दर्ज किया। मामले में जब आहत ने अपना जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया और जांच में जातिगत अपमान व प्रताड़ना की पुष्टि हुई, तो पुलिस ने तुरंत कड़ा रुख अपनाते हुए केस में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (SC/ST Act) की गैर-जमानती धाराएं 3(1)(द)(ध) जोड़ दीं।
एसडीओपी की निगरानी में पुलिस का शिकंजा – मामले की गंभीरता को देखते हुए धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्दांत तिवारी खुद विवेचना की कमान संभाले हुए थे। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू की टीम आरोपी के हर संभावित ठिकाने पर नजर रखे हुए थी। पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच 4 सितंबर को दबिश देकर आरोपी तारिख अनवर उर्फ मोनू खान (28 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 02, साईं राम कॉलोनी, घरघोड़ा) को हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ में जुर्म कुबूलते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सीधे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
रायगढ़ पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सड़क पर गुंडागर्दी और कमजोर वर्ग के लोगों पर जुल्म ढाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।




