रायगढ़

ऑपरेशन ‘क्लीन हंट’ :  तमनार के CHP चौक उपद्रव मामले में 3 महिलाओं समेत 5 और आरोपी सलाखों के पीछे, गिरफ्तारियों का आंकड़ा पहुंचा 38…

रायगढ़। गारे पेलमा सेक्टर-01 कोयला परियोजना के विरोध की आड़ में पुलिस बल पर जानलेवा हमला, आगजनी, लूटपाट और शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले उपद्रवियों पर रायगढ़ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत तमनार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं समेत 5 और फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस बहुचर्चित मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 38 हो चुकी है।

जनसुनवाई के विरोध में भड़का था उपद्रव, लूटे गए थे वॉकी-टॉकी – ​दिसंबर 2025 में लिबरा स्थित CHP चौक पर गारे पेलमा सेक्टर-01 की जनसुनवाई के विरोध में प्रभावित गांवों के लोगों द्वारा धरना-प्रदर्शन और आर्थिक नाकेबंदी की जा रही थी। 27 दिसंबर 2025 को कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान आंदोलन अचानक हिंसक हो गया। भीड़ को भड़काकर पुलिस टीम पर लाठी, डंडे, कुल्हाड़ी (टांगी) और पत्थरों से सुनियोजित हमला किया गया।

​उपद्रवियों ने कई पुलिसकर्मियों को लहुलुहान कर दिया और शासकीय वॉकी-टॉकी व मोबाइल फोन लूट लिए। इसके अलावा प्रशासनिक व पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ कर उन्हें आग के हवाले कर दिया गया था तथा प्लांट परिसर में भी भारी तोड़फोड़ की गई थी।

सीसीटीवी फुटेज व साक्ष्यों के आधार पर कसा शिकंजा : ​तमनार थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 307/2025 और 308/2025 के तहत पुलिस ने बीएनएस (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के साथ विवेचना के दौरान 14 जुलाई 2026 को एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(5)(क) का विस्तार किया था।

​सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य साजिशकर्ताओं और हिंसक भीड़ में शामिल चेहरों की लगातार पहचान की जा रही है। इससे पहले मुख्य आरोपियों में शामिल राजेश मरकाम (गिरफ्तार 01 जुलाई 2026), अनिल बेहरा (गिरफ्तार 10 अगस्त 2026) और शिवशंकर प्रधान उर्फ शंकर गुप्ता (गिरफ्तार 02 सितंबर 2026) को जेल भेजा जा चुका है।

​अब हिंसा और मारपीट में संलिप्तता के पुख्ता सबूत मिलने के बाद 5 और आरोपियों को 5 सितंबर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

ताजा कार्रवाई में जेल भेजे गए आरोपी

  • कमलेश सेठ (26 वर्ष), निवासी बिजना, थाना तमनार
  • अम्बिका चौधरी (55 वर्ष), निवासी आमगांव, थाना तमनार
  • सुनाउ सिदार (62 वर्ष), निवासी लिबरा, थाना तमनार
  • तपस्विनी प्रधान (35 वर्ष), निवासी झरना, थाना तमनार
  • भगवति सिदार (47 वर्ष), निवासी धौराभाठा, थाना तमनार

“कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और गंभीर अपराधों में लिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। रायगढ़ पुलिस उपद्रवियों की लगातार धरपकड़ कर रही है। अपराधियों के विरुद्ध निष्पक्ष और सख्त कानूनी कार्रवाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” – शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP), रायगढ़

सख्त संदेश: बाकी फरार भी जल्द होंगे अंदर – ​एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एएसपी अनिल सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव और उनकी टीम फरार उपद्रवियों के ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि घटना में शामिल किसी भी उपद्रवी को छोड़ा नहीं जाएगा और “ऑपरेशन क्लीन हंट” फरार आरोपियों की पूरी गिरफ्तारी तक जारी रहेगा।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!