कोकान पहाड़ी पर फोटोशूट पड़ा भारी : संतुलन बिगड़ने से गहरी खाई में गिरा युवक, हालत गंभीर

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद दर्दनाक और सबक सिखाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ सोशल मीडिया के लिए शानदार फोटो खींचने की चाहत एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गई। दल्ली राजहरा के पास स्थित प्रसिद्ध कोकान पहाड़ी पर शनिवार दोपहर फोटोशूट के दौरान पैर फिसलने से एक युवक गहरी खाई में जा गिरा। सिर पर आई गंभीर चोटों के कारण उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

यह हादसा शनिवार, 11 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12:47 बजे हुआ। डौंडी तहसील के अंतर्गत आने वाली कोकान पहाड़ी पर तीन दोस्त वीकेंड का लुत्फ उठाने और फोटोशूट कराने पहुंचे थे। चश्मदीदों के मुताबिक, पहाड़ी के खतरनाक मुहाने पर खड़े होकर फोटो खिंचवाते समय एक युवक का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे खाई में जा गिरा।

घटना के तुरंत बाद कंट्रोल रूम की सूचना पर 108 एंबुलेंस और रेस्क्यू दल की टीम पलक झपकते ही मौके पर पहुंची। पहाड़ी का रास्ता दुर्गम होने के बावजूद रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोगों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए संयुक्त अभियान चलाया और घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में युवक के सिर पर अंदरूनी और गंभीर चोटें आई हैं।

घायल की पहचान धीरज यादव के रूप में हुई है। रेस्क्यू के तुरंत बाद धीरज को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिखलाकसा ले जाया गया। वहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो किया, लेकिन खून अधिक बह जाने और नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, राजनांदगांव रेफर कर दिया है, जहाँ उसका उपचार जारी है।
सावधानी ही सुरक्षा है : आज के युवाओं में रील निर्माण, सिनेमेटोग्राफी और फोटोशूट के लिए खतरनाक जगहों पर जाने का क्रेज तेजी से बढ़ा है। चंद ‘लाइक्स’ और ‘व्यूज’ के लिए अपनी जिंदगी को दांव पर लगाना समझदारी नहीं है। ऊंचे पहाड़ों, नदियों या रेलवे ट्रैक जैसे स्थानों पर थोड़ी सी भी लापरवाही सीधे मौत को दावत दे सकती है। युवाओं को समझना होगा कि जिंदगी से बढ़कर कोई सोशल मीडिया नहीं है।




