खाकी का खौफ और ‘सियासी’ हनक : दुष्कर्म केस की धमकी देकर वसूली कर रहा निष्काषित BJP पार्षद गिरफ्तार…

रायगढ़। पुलिस और कानून के नाम पर अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। घरघोड़ा पुलिस ने एक ऐसे ही शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो एक युवक को दुष्कर्म के झूठे केस में जेल भेजने की धमकी देकर 40 हजार रुपये की डिमांड कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
ऑडियो क्लिप ने खोली ‘वसूलीबाज’ की पोल – मिली जानकारी के अनुसार, घरघोड़ा वार्ड क्रमांक 10 निवासी साहिल यादव का एक युवती से प्रेम संबंध था। आपसी विवाद के बाद मामला थाने पहुंचा था, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और युवती ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। लेकिन इसी बीच बिचौलिए की भूमिका निभा रहे श्याम भोजवानी (56 वर्ष) ने गंदा खेल शुरू कर दिया।
आरोपी ने साहिल के परिवार को डराया कि थाने में मामला रफा-दफा करने के लिए 50 हजार रुपये लगेंगे, वरना युवक को सीधे जेल जाना होगा। सौदा 40 हजार में तय करने का दबाव बनाते हुए आरोपी लगातार कॉल कर रहा था। पीड़ित परिवार ने सूझबूझ दिखाई और आरोपी की धमकियों को ऑडियो क्लिप में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में पुलिस के लिए अहम सबूत बना।
बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत कार्रवाई – शिकायत मिलते ही घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने त्वरित एक्शन लिया। पुलिस ने आरोपी श्याम भोजवानी के विरुद्ध:
- धारा 308(2), 308(6) और 62 (BNS) के तहत मामला दर्ज किया।
- पेन ड्राइव में ऑडियो साक्ष्य सुरक्षित किए गए।
- आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी की दो टूक: “कानून के नाम पर वसूली करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे” – मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम जनता के लिए सख्त संदेश जारी किया है:
“पुलिस या आपराधिक केस का डर दिखाकर पैसे मांगना गंभीर अपराध है। किसी भी बिचौलिए या असामाजिक तत्व के बहकावे में न आएं। अगर कोई पुलिस के नाम पर आपसे अवैध रकम की मांग करता है, तो तत्काल सूचित करें। कानून का डर दिखाकर वसूली करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”




