अंबिकापुर

सरगुजा पुलिस का ‘ऑपरेशन सुरक्षा’ : अब मालवाहक वाहनों में ढोए सवारी तो खैर नहीं, सीधे रद्द होगा परमिट!…

अंबिकापुर। शादी-ब्याह के सीजन में पिकअप और ट्रकों की छतों पर लदकर सफर करने वालों और मुनाफाखोरी के चक्कर में जान जोखिम में डालने वाले वाहन मालिकों पर अब सरगुजा पुलिस का ‘चाबुक’ चलने वाला है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (IPS) ने जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि को रोकने के लिए बेहद सख्त रुख अख्तियार किया है।

मौत को दावत देते मालवाहक : पुलिस ने दी अंतिम चेतावनी – अक्सर देखा जाता है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कार्यक्रमों के दौरान क्षमता से अधिक लोगों को मालवाहक वाहनों में ‘भेड़-बकरी’ की तरह भरकर ले जाया जाता है। एसएसपी ने साफ कर दिया है कि यह केवल नियम विरुद्ध ही नहीं, बल्कि जानलेवा है। जरा सा संतुलन बिगड़ा नहीं कि खुशियां मातम में बदल जाती हैं।

एसएसपी के कड़े निर्देश :

  • परमिट होगा निरस्त : यात्री परिवहन करते पाए जाने पर वाहन का परमिट तुरंत रद्द करने की कार्रवाई होगी।
  • भारी जुर्माना और जप्ती : नियम तोड़ने वाले चालकों और मालिकों पर भारी-भरकम जुर्माना लगाया जाएगा और वाहन सीधे जप्त किए जाएंगे।
  • थाना प्रभारियों को टास्क : जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में वाहन मालिकों की बैठक लें और उन्हें कड़े शब्दों में समझाएं।

‘सामान के लिए बना है वाहन, इंसान के लिए नहीं’ – सरगुजा पुलिस ने तकनीकी रूप से स्पष्ट किया है कि मालवाहक वाहनों की बनावट सवारी ढोने के लिए नहीं होती। इनमें सुरक्षा घेरा नहीं होने के कारण मामूली झटके या मोड़ पर लोग वाहन से बाहर गिर जाते हैं, जिससे सिर में गंभीर चोट या मौके पर मौत की संभावना शत-प्रतिशत रहती है।

“नागरिकों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। हम नहीं चाहते कि किसी की लापरवाही से किसी का घर उजड़े। यात्री केवल अधिकृत वाहनों (बस, ऑटो, टैक्सी) का ही उपयोग करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के साथ अब पुलिस कोई नरमी नहीं बरतेगी।”

राजेश कुमार अग्रवाल (IPS), एसएसपी सरगुजा

पुलिस की अपील: आप सुरक्षित, तो परिवार सुरक्षित – सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से भावुक अपील की है कि वे यात्रा के लिए केवल उन्हीं साधनों का चुनाव करें जो सुरक्षित और अधिकृत हैं। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़कों पर सुरक्षा के लिए गश्त बढ़ाई जाएगी और औचक निरीक्षण कर लापरवाह वाहन चालकों पर शिकंजा कसा जाएगा।

सावधान रहें, सुरक्षित रहें! सरगुजा पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!