पत्थलगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार, सलाखों के पीछे पहुँचा…

पत्थलगांव। जशपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने 16 वर्षीय नाबालिग को शादी का झांसा देकर अगवा किया था और उसके साथ अनाचार की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने न केवल बालिका को सुरक्षित बरामद किया, बल्कि आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट (POCSO) सहित बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
आधी रात को गायब हुई थी बेटी : मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है। 4 जनवरी 2026 की रात प्रार्थी का परिवार खाना खाकर सोया था। सुबह करीब 5 बजे जब मां अपनी 16 वर्षीय बेटी को जगाने गई, तो वह कमरे में नहीं थी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों में काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। अनहोनी की आशंका जताते हुए परिजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की जाल बिछी और पकड़ा गया आरोपी : मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी पत्थलगांव, निरीक्षक विनीत कुमार पांडे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस की टेक्निकल सेल और मुखबिरों के जाल की मदद से सुराग मिला कि बालिका बागबहार क्षेत्र में आरोपी मानसिंह नाग (20 वर्ष) के कब्जे में है।
पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर आरोपी को हिरासत में लिया और नाबालिग को सकुशल बरामद किया।
शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म : पूछताछ में पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि मानसिंह उसे शादी और प्यार का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। इस दौरान उसने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने तत्काल पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
कानूनी शिकंजा और कड़ी धाराएं : आरोपी मानसिंह नाग के विरुद्ध पहले से दर्ज अपहरण की धारा के साथ-साथ अब BNS की धारा 64(2)(M), 69 और पॉस्को एक्ट की धारा 4, 6 जोड़ी गई है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
“हमने गुमशुदा नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है। महिला और बाल अपराधों के प्रति जशपुर पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति है। ऐसे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”
शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर
कार्यवाही में इनकी रही मुख्य भूमिका:
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, एएसआई हरि राम टंडन, खिरोवती बेहरा और आरक्षक राजेंद्र रात्रे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




