जशपुर

मयाली में गूँजा महिला सशक्तिकरण का शंखनाद: जशपुर पुलिस के 11 दिवसीय महा-अभियान का भव्य समापन…

जशपुर। जिले में महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित परिवेश देने के संकल्प के साथ जशपुर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा 11 दिवसीय विशेष जन-जागरूकता अभियान रविवार को मयाली (कुनकुरी) में भव्य समापन के साथ संपन्न हुआ। ‘रजत जयंती वर्ष 2025-26’ के उपलक्ष्य में आयोजित इस अभियान ने जिले के सुदूर ग्रामीण अंचलों से लेकर शहरों तक सुरक्षा की नई अलख जगाई है।

500 से अधिक महिलाओं ने भरी हुंकार – समापन समारोह में कुनकुरी क्षेत्र के विभिन्न स्व-सहायता समूहों (SHG) की 500 से अधिक महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, यूनिसेफ के स्वयंसेवकों और ‘जय हो’ टीम ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि “महिला सशक्तिकरण का आधार आत्मनिर्भरता है।” उन्होंने सरपंच से जनपद अध्यक्ष तक के अपने सफर का उदाहरण देते हुए महिलाओं को नेतृत्वकारी भूमिका में आने का आह्वान किया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का कड़ा संदेश : अपराध मुक्त समाज ही लक्ष्य – एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि महिलाओं में पुलिस के प्रति विश्वास पैदा करना और अपराधियों में खौफ भरना है। उन्होंने बताया कि:

  • ​जशपुर पुलिस की ‘जय हो’ टीम पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर रही है।
  • ​साइबर फ्रॉड और सोशल मीडिया के खतरों से बचने के लिए सजगता ही सबसे बड़ा हथियार है।
  • ​सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट की अनिवार्यता पर जोर दिया गया।

‘नोनी रक्षा दल’ बनेगा सुरक्षा कवच : ​उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती आशा लकड़ा ने बताया कि जिले में महिलाओं की त्वरित सहायता के लिए नोनी रक्षा रथ और समर्पित टीम 24 घंटे तैनात है। किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं हेल्पलाइन नंबर 9479128400 पर संपर्क कर सकती हैं।

इन कुरीतियों पर हुआ प्रहार : ​अभियान के दौरान पुलिस और विशेषज्ञों ने महिलाओं को कानून की बारीकियों से रूबरू कराया, जिसमें मुख्य रूप से:

  • बाल विवाह और दहेज प्रथा : इनके सामाजिक और कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी।
  • मानव तस्करी और टोनही प्रताड़ना : अंधविश्वास के खिलाफ कड़ा रुख।
  • घरेलू हिंसा और पाॅक्सो एक्ट : चुप्पी तोड़कर आवाज उठाने की प्रेरणा।
  • नशा मुक्ति : परिवार और समाज को नशे के चंगुल से बचाने की अपील।

विशिष्ट उपस्थिति : कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनिता सिंह, सरपंच श्रीमती मंजू भगत, एएसपी राकेश कुमार पटनवार, एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी, यूनिसेफ की शालिनी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

“जशपुर पुलिस का उद्देश्य जिले में एक ऐसा सुरक्षित वातावरण तैयार करना है, जहाँ हर बेटी और महिला खुद को निडर महसूस करे। सामाजिक सहभागिता से ही हम अपराधों पर पूर्ण अंकुश लगा सकते हैं।”

शशि मोहन सिंह, एसएसपी जशपुर

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!