लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : नाबालिग को अगवा कर दुष्कर्म करने वाला दरिंदा गिरफ्तार, भेजा गया जेल…

रायगढ़। जिले की लैलूंगा पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए नाबालिग से दुष्कर्म के एक गंभीर मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने न केवल लापता बालिका को सुरक्षित बरामद किया, बल्कि उसके साथ घिनौनी हरकत करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला? – घटना की शुरुआत 5 अगस्त 2024 को हुई थी, जब बालिका अपने घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों की तमाम कोशिशों के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो 9 सितंबर 2024 को उसके पिता ने लैलूंगा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 179/2024 धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मुखबिर की सूचना पर मिली सफलता : विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि अपहृत बालिका रायगढ़ में देखी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित दस्तयाब किया।
जब महिला पुलिस अधिकारी ने पीड़िता का बयान लिया, तो एक खौफनाक सच सामने आया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी सनमत साय पैकरा (24 वर्ष) ने उसे अपने जाल में फंसाकर रखा था और उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा।
धाराओं में हुआ इजाफा, आरोपी को भेजा जेल : पीड़िता के बयान और मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण में धारा 64, 65(1), 142 भारतीय न्याय संहिता (BNS) और 4, 6 पॉस्को एक्ट (POCSO Act) जोड़ दी।
पुलिस ने आरोपी सनमत साय पैकरा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद 7 दिसंबर 2025 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका : इस संपूर्ण कार्रवाई में लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, उप निरीक्षक संध्यारानी कोका एवं उनकी टीम की भूमिका बेहद अहम रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।




