जांजगीर-चाम्पा

संविधान निर्माता पर अभद्र टिप्पणी करने वाला आरोपी चंद घंटे में गिरफ्तार – अकलतरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई…

अकलतरा। भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले आरोपी को अकलतरा पुलिस ने महज़ कुछ घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी देवव्रत उपाध्याय (उम्र 42 वर्ष) निवासी अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा ने अपने फेसबुक अकाउंट से बाबा साहेब के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया था। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर प्रसारित होते ही समाज के विभिन्न वर्गों में आक्रोश फैल गया।

इस मामले में थाना अकलतरा पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए अपराध क्रमांक 519/2025 दर्ज किया और आरोपी के विरुद्ध धारा 299 BNS (भारतीय न्याय संहिता) के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना प्रारंभ की।

एसपी विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में फुर्तीली कार्रवाई : प्रकरण की संवेदनशीलता और सामाजिक प्रभाव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी का पता लगाया और कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने कृत्य को स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

पुलिस टीम का सराहनीय योगदान :  इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, एएसआई बी.पी. खांडेकर, तथा आरक्षक भूषण राठौर एवं जयप्रकाश रात्रे की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करने वाली टीम की प्रशंसा की है।

संदेश स्पष्ट – संविधान, महापुरुषों और सामाजिक सद्भाव के विरुद्ध बयानबाजी पर होगी कठोर कार्रवाई :  पुलिस विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि संविधान निर्माता और राष्ट्रीय महापुरुषों की गरिमा के विरुद्ध की जाने वाली किसी भी आपत्तिजनक टिप्पणी या पोस्ट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने वाले तत्वों पर इसी प्रकार की त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Ambika Sao

सह-संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!