बालोद

बालोद में काल बनकर दौड़ी रफ्तार : दो अलग-अलग सड़क हादसों में 3 की मौत, 3 गंभीर घायल…

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार का दिन हादसों के नाम रहा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो भीषण सड़क हादसों ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए। इन घटनाओं में कुल तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात वाहनों की तलाश शुरू कर दी है।

पहली घटना : दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 2 की मौत – पहली हृदयविदारक घटना डौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम घोठिया में दोपहर करीब 12 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

  • मृतकों की पहचान : नागेश भुआर्य (22 वर्ष), निवासी पल्लेखसा धोबनी और हेमलाल (45 वर्ष), निवासी मड़ियाकट्टा के रूप में हुई है।
  • स्थिति : इस हादसे में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।

दूसरी घटना : शोक कार्यक्रम से लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने कुचला –दूसरी घटना बालोद के बेलौदी और निपानी के बीच दोपहर करीब 2 बजे हुई। यहाँ एक युवक अपने दोस्त के साथ शोक कार्यक्रम में शामिल होने आया था, लेकिन लौटते समय खुद मौत का शिकार हो गया।

  • हादसे का विवरण : बगदई (गुरुर) निवासी रूपेश भुआर्य (22 वर्ष) अपने दोस्त हरिशंकर पिस्दा के साथ सामान खरीदने हल्दी गया था। वापसी के दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में रूपेश की मौके पर ही मौत हो गई।
  • घायल की स्थिति : उसका साथी हरिशंकर पिस्दा (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल है। उसे जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस की कार्रवाई : हादसों की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस और टीआई शिशुपाल सिन्हा सक्रिय हुए। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी भेज दिया है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।

नोट : बालोद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सड़क पर तेज रफ्तार से बचें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!