रायगढ़ बना विकास का रोल मॉडल : सुशासन के 2 वर्षों में बदली जिले की तस्वीर…

रायगढ़, 31 दिसम्बर 2025 मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन और वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी की दूरदर्शी सोच का परिणाम अब रायगढ़ की गलियों और गांवों में दिखने लगा है। बीते दो वर्षों में रायगढ़ जिले ने इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में जो रफ्तार पकड़ी है, उसने जिले को छत्तीसगढ़ के एक ‘विकास मॉडल’ के रूप में स्थापित कर दिया है।
आवास और बुनियादी ढांचे में अव्वल : रायगढ़ ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त कर अपनी प्रशासनिक दक्षता का लोहा मनवाया है। वर्ष 2024-25 में 35 हजार से अधिक गरीबों को पक्के मकान दिए गए। शहर की सूरत बदलने के लिए 40 करोड़ की लागत से 30 सड़कों का कायाकल्प किया गया है और शहर की 6 प्रमुख सड़कों को फोरलेन में तब्दील किया जा रहा है।
शिक्षा और खेल : भविष्य की तैयारी –
- नालंदा परिसर : 42.56 करोड़ की लागत से बन रही प्रदेश की सबसे बड़ी हाईटेक लाइब्रेरी छात्रों के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
- डिजिटल पहचान : 2.19 लाख बच्चों की ‘अपार आईडी’ तैयार कर शिक्षा को डिजिटल युग से जोड़ा गया है।
- स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स : 42 एकड़ में 100 करोड़ की लागत से बन रहा इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स युवाओं को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देगा।
किसानों और महिलाओं की आर्थिक समृद्धि : सरकार ने खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए पॉम ऑयल की खेती और पटेलपाली में हाईटेक मंडी (6.15 करोड़) जैसे कदम उठाए हैं। सिंचाई के लिए केलो नहरों हेतु 100 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
वहीं, महतारी वंदन योजना के तहत जिले की 3 लाख महिलाओं को अब तक 22 किस्तों के माध्यम से सीधा आर्थिक लाभ मिला है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
स्वास्थ्य और नवाचार : ‘जोहार रायगढ़’ से सुशासन – प्रशासन ने तकनीक का हाथ थामते हुए ‘जोहार रायगढ़’ पोर्टल और ‘कर्तव्य ऐप’ लॉन्च किया है, जिससे नागरिक सेवाओं में पारदर्शिता आई है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में दुर्गम क्षेत्रों के लिए टेलीमेडिसिन सेवा और 9.70 लाख आयुष्मान कार्डों का निर्माण सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
“बीते दो वर्षों में रायगढ़ ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। किसानों की समृद्धि, युवाओं की शिक्षा और गरीबों का आवास – सरकार का हर वादा धरातल पर उतर रहा है।” श्री ओ.पी. चौधरी, वित्त मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन




