रायगढ़

घरघोड़ा पुलिस का बड़ा ‘स्ट्राइक’ : फर्जी नंबर प्लेट से हो रही कोयला तस्करी का पर्दाफाश, संगठित गिरोह के दो गुर्गे गिरफ्तार

रायगढ़। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान को उस वक्त बड़ी सफलता मिली, जब घरघोड़ा पुलिस ने कोयला तस्करी के एक हाई-प्रोफाइल संगठित खेल को ध्वस्त कर दिया। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए बाकायदा फर्जी नंबर प्लेट का सहारा लिया था, लेकिन पुलिस की पैनी नजरों ने इस शातिर जाल को काट दिया।

फिल्मी स्टाइल में पीछा कर पकड़ा गया ट्रेलर : ​थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू को सटीक मुखबिर सूचना मिली थी कि सिसरिंगा (धरमजयगढ़) की ओर से भारी मात्रा में अवैध कोयला खपाने की तैयारी है। पुलिस ने जब बाईपास तिराहा पर घेराबंदी की, तो शातिर चालक ने ट्रेलर को भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर लैलूंगा रोड पर ट्रेलर को चारों तरफ से घेर लिया।

जांच में खुला ‘फर्जीवाड़े’ का कच्चा चिट्ठा : पकड़े गए ट्रेलर (CG-10-R-2601) की जब बारीकी से जांच की गई, तो पुलिस दंग रह गई।

  • नंबरों की हेराफेरी : असली नंबर को काले पॉलिश से छिपा दिया गया था।
  • फर्जी स्टीकर : इंजन और बॉडी पर फर्जी नंबर के स्टीकर चिपकाए गए थे।
  • जब्ती : पुलिस ने 20 टन अवैध कोयला और फर्जी नंबर वाले ट्रेलर को जब्त कर लिया है।

मास्टरमाइंड ‘बाबा ट्रैवल्स’ का संचालक फरार : ​पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि यह पूरा खेल रायगढ़ के बाबा ट्रैवल्स के संचालक अमित अग्रवाल के इशारे पर चल रहा था। उसी ने फर्जी नंबर प्लेट और स्टीकर मुहैया कराए थे ताकि चोरी का कोयला खपाया जा सके।

इन पर गिरी कानून की गाज : पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज किया है:

  1. आदर्श महतो उर्फ हैप्पी (चालक) – गिरफ्तार
  2. अखिल लहरे (सहयोगी) – गिरफ्तार
  3. अमित अग्रवाल (मास्टरमाइंड/संचालक) – तलाश जारी

कार्रवाई की मुख्य धाराएं : 303(2), 112(2), 61(2), 338, 336(3), 3(5) BNS के तहत अपराध क्रमांक 332/2025 दर्ज।

पुलिस का संदेश : संगठित अपराध और अवैध तस्करी करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का कड़ा प्रहार जारी रहेगा। इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई राम सजीवन वर्मा और पूरी टीम की भूमिका सराहनीय रही।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!