
कोरबा। जिले में रविवार (आज)की सुबह पसान थाना क्षेत्र के ग्राम लैंगा में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक घर से पति-पत्नी की लाशें बरामद हुईं। पत्नी का शव खाट पर पड़ा था जबकि पति की लाश उसी कमरे में फंदे पर झूलती मिली। घटनास्थल का मंजर देखकर आसपास के लोग सन्न रह गए।
प्राथमिक जांच में पुलिस को वैवाहिक विवाद के चलते हत्या और आत्महत्या की आशंका नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि बीती रात दोनों के बीच तीखा झगड़ा हुआ था। सूत्रों के अनुसार, पति ने पहले पत्नी की मंगलसूत्र से गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर खुद फांसी के फंदे पर झूल गया।

मृतक दंपति के चार छोटे बच्चे हैं, जो अब अनाथ हो गए हैं। यह दर्दनाक वारदात शनिवार देर रात की बताई जा रही है। देर रात सूचना मिलते ही पुलिस ने घर को सील कर दिया था। रविवार सुबह डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल थाना प्रभारी से संपर्क नहीं हो सका, इसलिए मृतक दंपति की पहचान आधिकारिक रूप से नहीं हो पाई है। पुलिस घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है, वहीं इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।




