सदर रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शुरू, चंद्रभान साहू के धरने से प्रशासन पर हुआ असर

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। लंबे समय से शहर की सड़क पर फैले अतिक्रमणों ने लोगों की जिंदगी जकड़ रखी थी, खासकर सदर रोड पर जहाँ मार्ग अत्यंत संकरा होकर रोजाना जाम और यातायात बाधा बनता था। पिछले 40 वर्षों से रुकी प्रशासनिक कार्यवाही के कारण नागरिकों की शिकायतें बढ़ती रहीं और क्षेत्र में असुविधा आम हो गई थी। ऊंची राजनीतिक पहुंच वाले अतिक्रमणकारियों द्वारा हर बार अतिक्रमण हटाओ कार्यक्रम में बट्टा लगा दिया जाता था। जिस कारण शहर के लोगों ने मान लिया था कि इस गंभीर बीमारी का इलाज ही संभव नहीं है। लेकिन इस समस्या को शांतिपूर्ण तरीके से उठाने के लिए जननायक चंद्रभान साहू ने दो दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया, जिसने अंततः प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर कार्यवाही की दिशा बदल दी।

धरने के दौरान चंद्रभान साहू ने अधिकारियों से सड़कों को अवैध कब्जा मुक्त कराने की मांग दोहराई और प्रतीकात्मक रूप से “हथौड़ा” भेंट कर यह संकेत दिया कि अब कुशल और तर्कसंगत कार्यवाही की उम्मीद है। प्रशासन ने धरना के समय जनता को जल्द कार्यवाही का आश्वासन दिया था और शनिवार की सुबह से ही प्रशासनिक अमला सदर रोड पर पहुंच कर अवैध निर्माण व कब्जों को हटाने में जुट गया। मौके पर निगम कर्मचारी, थाना स्टाफ और संबंधित अधिकारी मौजूद थे, जिन्होंने कब्जाधारियों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

स्थानीय निवासियों ने इस कदम का स्वागत किया, लेकिन कुछ लोग शिकायत कर रहे हैं कि कार्यवाही में कुछ अतिक्रमणकारियों को राहत पहुंचाने की कोशिश भी की जा रही थी, जिससे माहौल में नाराजगी और असंतोष भी दिखा।

नागरिकों की आम मांग है कि जो कार्यवाही हो वह निष्पक्ष, पारदर्शी और बिना किसी भेदभाव के हो ताकि वर्षों से चली आ रही जाम व अराजकता की समस्या का स्थायी समाधान निकल सके।

स्थानीय लोग मानते हैं कि यदि यह अभियान समयबद्ध और लगातार जारी रखा जाता तो बालोद शहर को ट्रैफिक जाम और सड़कों की संकरे होने जैसी विकराल समस्याओं से अर्थपूर्ण छुटकारा काफी पहले मिल जाता। प्रशासन ने फिलहाल आगे की कार्यवाही और नियत समय सीमा पर रिपोर्ट देने का भरोसा दिलाया है।




