बालोद

बालोद पुलिस का अवैध कबाड़ कारोबारियों पर बड़ा प्रहार : दो ठिकानों पर रेड, 2.13 लाख रुपये का माल जब्त; कबाड़ियों में मचा हड़कंप

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। जिले में अवैध गतिविधियों और संदिग्ध कारोबार पर नकेल कसने के उद्देश्य से बालोद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित कबाड़ की दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 2,13,000 रुपये मूल्य का कबाड़ सामान और पुरानी गाड़ियों के पार्ट्स जब्त किए हैं। इस कड़ी कार्रवाई के बाद से क्षेत्र में अवैध रूप से कबाड़ का धंधा करने वाले माफियाओं और कारोबारियों के बीच भारी हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि गैर-कानूनी गतिविधियों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

पुलिस को गुप्त मुखबिरों के माध्यम से सूचना मिली थी कि बालोद क्षेत्र में बाहरी जिलों के लोग आकर अवैध रूप से कबाड़ी की दुकानें खोलकर संदिग्ध और चोरी के वाहनों की कटाई व छंटाई का काम कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई और बताए गए ठिकानों पर योजनाबद्ध तरीके से एक साथ रेड मारी गई।

पहली कार्रवाई बघमरा बायपास रोड के किनारे की गई। यहाँ धमतरी निवासी नजीमुद्दीन अवैध रूप से कबाड़ दुकान चला रहा था। पुलिस की टीम ने जब गवाहों के साथ मौके पर छापा मारा, तो वहाँ गैस कटर के जरिए पुराने वाहनों को काटकर उनके लोहे के कलपुर्जे अलग किए जा रहे थे।

पुलिस ने दुकान संचालक नजीमुद्दीन (40 वर्ष), पिता मुमताजुद्दीन, निवासी रिसाई पारा (धमतरी) को धारा 94 बीएनएसएस (BNSS) के तहत नोटिस देकर कबाड़ के सामान और वाहनों से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। आरोपी संचालक मौके पर सामान का कोई भी बिल या मालिकाना हक का दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। जब जब्त लोहे के पार्ट्स को ‘श्री बालाजी धरमकांटा’ में ले जाकर वजन कराया गया, तो कुल वजन 2,070 किलोग्राम निकला। चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर पुलिस ने 1,03,500 रुपये कीमत का 2,070 किग्रा लोहा और 15,000 रुपये मूल्य के 15 नग पुराने इस्तेमाल किए हुए ट्रक व कार के टायर जब्त किए। इस प्रकार पहले मामले में कुल 1,18,500 रुपये का सामान सीज किया गया।

दूसरी कार्रवाई दुर्ग रोड स्थित हीरापुर चौक के पास की गई। यहाँ भी मुखबिर की सटीक जानकारी पर पुलिस ने दबिश देकर अवैध कबाड़ की दुकान का पर्दाफाश किया। दुकान में बड़े पैमाने पर गैस कटर से गाड़ियों को काटकर उनके पार्ट्स अलग किए जा रहे थे। दुकान का संचालन समीरउद्दीन (46 वर्ष), पिता मुमताजुद्दीन, निवासी रिसाई पारा, वार्ड नंबर 15 (धमतरी) द्वारा किया जा रहा था। पुलिस ने गवाहों के समक्ष तलाशी ली और आरोपी को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस थमाया। दस्तावेज पेश न कर पाने की स्थिति में सामान की जब्ती बनाई गई।

धरमकांटा में तौल कराने पर लोहे के पार्ट्स का कुल वजन 1,650 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने 82,500 रुपये मूल्य का 1,650 किग्रा लोहे का सामान और 12,000 रुपये कीमत के 15 नग कार व मैजिक वैन के पुराने टायर जब्त किए। इस तरह दूसरे मामले में कुल 94,500 रुपये की जब्ती की गई।

दोनों ही मामलों में पकड़े गए आरोपी सगे भाई बताए जा रहे हैं, जो मूलतः धमतरी जिले के रहने वाले हैं और बालोद में आकर अवैध कबाड़ का जाल फैला रहे थे। सामान के चोरी की संपत्ति होने की प्रबल आशंका के कारण बालोद पुलिस ने दोनों अनावेदकों के खिलाफ 02 अगस्त 2026 को धारा 106 बीएनएसएस के तहत कानूनी इस्तगासा तैयार कर लिया है। इस्तगाशा क्रमांक 01/2026 (धारा 106 बीएनएसएस): अनावेदक नजीमुद्दीन पिता मुमताजुद्दीन (उम्र 40 वर्ष), निवासी रिसाईपारा, धमतरी। इस्तगाशा क्रमांक 02/2026 (धारा 106 बीएनएसएस): अनावेदक समीरउद्दीन पिता मुमताजुद्दीन (उम्र 46 वर्ष), निवासी रिसाईपारा वार्ड नं. 15, थाना सिटी कोतवाली, जिला धमतरी।

अवैध कारोबारियों के विरुद्ध यह पूरी सफलता बालोद पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चौव्हाण के कुशल मार्गदर्शन, अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) बालोद विनय कुमार साहू के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में हासिल हुई है।

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने में बालोद थाने के पुलिस अधिकारियों और आरक्षकों की विशेष भूमिका रही, जिनमें प्रमुख रूप से निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा (थाना प्रभारी), उप निरीक्षक कमला यादव, सहायक उप निरीक्षक गौकरण भंडारी, देवकुमार कोर्राम, प्रधान आरक्षक योगेश सिन्हा (क्र. 1732), दुर्योधन सिंह यादव (क्र. 1603), आरक्षक: चुलेन्द्र कुर्रे (क्र. 242), बनवाली साहू (क्र. 1948), उमाशंकर सिन्हा (क्र. 100), और संजय सोनी (क्र. 339) शामिल रहे।

बालोद जिला पुलिस ने आम जनता और कबाड़ का व्यवसाय करने वालों को कड़ा संदेश दिया है कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना वैध लाइसेंस, जीएसटी विवरण और गाड़ियों के वैध दस्तावेजों के यदि कोई भी व्यक्ति कबाड़ खरीदता या बेचता पाया गया, तो उसके खिलाफ सीधे आपराधिक प्रकरण दर्ज कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधि या कबाड़ की अवैध कटाई दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Feroz Ahmed Khan

संभाग प्रभारी : दुर्ग

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!