खाकी से उलझना पड़ा भारी: विसर्जन में DJ बजाकर रोका रास्ता, थाना प्रभारी की गाड़ी में की तोड़फोड़; 6 हुड़दंगी सलाखों के पीछे…

- अंबिकापुर के ग्राम जगदीशपुर में शासकीय कार्य में बाधा और बदसलूकी का मामला; मणीपुर पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपियों को भेजा जेल।…
क्राइम डेस्क, सरगुजा: गणेश विसर्जन की आड़ में उपद्रव मचाने और कानून को चुनौती देने वालों पर सरगुजा पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। शासकीय ड्यूटी पर निकले दरिमा थाना प्रभारी के वाहन का कांच तोड़ने, झूमाझटकी करने और सरकारी काम में बाधा डालने वाले 6 मुख्य आरोपियों को मणीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
डीजे की तेज धुन पर मनमानी, समझाने पहुंचे TI से की बदसलूकी – घटना ग्राम जगदीशपुर मेन रोड की है। दरिमा थाना प्रभारी शासकीय कार्य के सिलसिले में अंबिकापुर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गणेश विसर्जन जुलूस के तहत पिकअप पर कानफोड़ू आवाज में डीजे बजाकर आम रास्ता पूरी तरह जाम कर दिया गया था। आम जनता को हो रही परेशानी को देखते हुए जब थाना प्रभारी ने वाहन रोककर रास्ता देने को कहा और समझाइश देने का प्रयास किया, तो वहां मौजूद असामाजिक तत्व उग्र हो गए। आरोपियों ने न केवल शासकीय कार्य में बाधा डाली, बल्कि थाना प्रभारी से विवाद करते हुए झूमाझटकी शुरू कर दी और उनके सरकारी वाहन पर हमला कर कांच चकनाचूर कर दिया।
पुलिस का त्वरित एक्शन, दबिश देकर दबोचे गए आरोपी – सरकारी कार्य में बाधा और पुलिस अधिकारी के साथ अभद्रता की सूचना मिलते ही मणीपुर पुलिस हरकत में आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने फौरन मौके व आसपास के इलाकों में घेराबंदी की और घटना में सीधे तौर पर शामिल 6 मुख्य उपद्रवियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने सभी के खिलाफ सख्त गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी :
- अनिल राजवाड़े (42 वर्ष), निवासी नरवापारा, जगदीशपुर
- धनेश्वर राजवाड़े उर्फ धन्नू (22 वर्ष), निवासी मझियानपारा, जगदीशपुर
- रामदेव राजवाड़े उर्फ चुटुल (19 वर्ष), निवासी मझियानपारा, जगदीशपुर
- शिवशंकर राजवाड़े उर्फ शिव (44 वर्ष), निवासी भिठियापारा, जगदीशपुर
- नीरज राजवाड़े (20 वर्ष), निवासी नरवापारा, जगदीशपुर
- मुकेश दास (18 वर्ष), निवासी पटेलपारा, जगदीशपुर
इस त्वरित और सख्त कार्रवाई में मणीपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक सी. पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अनिल सिंह, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र जांगड़े, प्रधान आरक्षक मालती तिवारी, महिला आरक्षक शांति लकड़ा, आरक्षक अनिल सिंह, निरंजन बड़ा, अतुल सिंह, अनिल परिहार, रामकेश्वर, अरविन्द सिंह सहित पूरी टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि त्योहारों की आड़ में हुड़दंगई और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।




