जशपुर

BREAKING JASHPUR : बाधरकोना में सनसनी : रात में रहस्यमयी ढंग से गायब हुए 17 वर्षीय किशोर की निर्माणाधीन आंगनबाड़ी के छज्जे पर मिली फंदे से झूलती लाश, जांच में जुटी पुलिस…

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला मुख्यालय से सटे सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बाधरकोना गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोर ने गांव में ही बन रहे एक निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के छज्जे से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। शुक्रवार की रात रहस्यमयी परिस्थितियों में घर से लापता हुए किशोर का शव शनिवार सुबह फंदे पर लटकता देख इलाके में हड़कंप मच गया।

रात में चुपचाप निकला, पूरी रात तलाशते रहे परिजन – मृतक की पहचान बाधरकोना निवासी सुकेन यादव (17 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की देर शाम सब कुछ सामान्य था। रात में सुकेन बिना किसी को कुछ बताए चुपचाप घर से बाहर निकल गया। काफी देर तक जब वह नहीं लौटा, तो परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। रातभर परिजन और आसपास के लोग गांव, खेतों और संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

सुबह निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन में मची चीख-पुकार – शनिवार सुबह जब ग्रामीण घर से कुछ दूरी पर स्थित निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र की तरफ गए, तो उनके होश उड़ गए। भवन के छज्जे के सहारे सुकेन का शव फंदे पर झूल रहा था। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों का भारी हुजूम जमा हो गया। बेटे का शव देखकर दूध डेयरी संचालक पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शुरू की तफ्तीश – घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस हरकत में आई। पुलिस टीम से एएसआई मनोज साहू, आरक्षक शोभनाथ सिंह और आरक्षक रामप्रताप यादव तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से नीचे उतारा और मौके का बारीक मुआयना किया।

  • पंचनामा व पोस्टमार्टम : पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराते हुए शव का पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
  • साक्ष्य जुटाने की कोशिश : घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं ताकि यह पुष्टि हो सके कि यह मामला पूरी तरह खुदकुशी का है या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति रही है।

आत्महत्या के कारणों पर गहराया सस्पेंस – किशोर ने यह आत्मघाती कदम किस मानसिक तनाव या दबाव में उठाया, इसका खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अब मृतक के मोबाइल, उसके दोस्तों के साथ हालिया बातचीत और पारिवारिक पृष्ठभूमि के पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

​सिटी कोतवाली पुलिस का कहना है कि मर्ग कायम कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों व जान-पहचान वालों के विस्तृत बयान दर्ज होने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। मामले की हर एंगल से विवेचना जारी है।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!