100 CCTV खंगाल नागपुर से राजनांदगांव तक पीछा: घरघोड़ा की दो दुकानों में फॉल सीलिंग तोड़कर 6.30 लाख की चोरी करने वाला शातिर सतीष चौहान गिरफ्तार, नकदी व 1.5 किलो चांदी बरामद…

रायगढ़। मूसलाधार बारिश, चेहरे पर गमछा और छत की फॉल सीलिंग तोड़कर लाखों के माल पर हाथ साफ करने वाले शातिर नकबजन के मंसूबों पर रायगढ़ पुलिस ने पानी फेर दिया। घरघोड़ा के जयस्तंभ चौक स्थित दो किराना दुकानों में सिलसिलेवार सेंधमारी करने वाले आरोपी सतीश चौहान (32 वर्ष) को पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा करते हुए राजनांदगांव के चिचोला बस स्टैंड से धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से 2.64 लाख नगद और डेढ़ किलो चांदी समेत कुल 6.30 लाख रुपये का माल बरामद हुआ है।
बारिश की आड़ में रची थी साजिश – 23-24 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात तेज बारिश हो रही थी। दुकानों की पहले से रेकी कर चुके सतीश चौहान ने मौसम का फायदा उठाया। वह संतोष किराना दुकान की छत पर चढ़ा, टीन शेड और दीवार के बीच लगी फॉल सीलिंग को तोड़ा और गल्ले में रखे करीब 4 लाख रुपये, चांदी के सिक्के व बिस्किट समेट लिए। इसके बाद उसने दीवार फांदकर बगल की गोकुलचंद मामराज किराना दुकान में भी उसी अंदाज में धावा बोला और 90 हजार रुपये की नगदी व मेवे पार कर दिए।
100 कैमरों की पड़ताल और नया मोबाइल बना सुराग – वारदात को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर साइबर और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम मैदान में उतरी। 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद संदिग्ध का हुलिया सामने आया। पहचान पुख्ता होते ही पुलिस ने आरोपी के गांव बरपाली नवाडीह में दबिश दी, लेकिन वह फरार हो चुका था। तकनीकी जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने चोरी के पैसों से लैलूंगा से नया सैमसंग मोबाइल खरीदा और मौज-मस्ती में करीब 25 हजार रुपये उड़ा दिए।
नागपुर से चिचोला तक पीछा, घेराबंदी कर पकड़ा – मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम सीधे नागपुर पहुंची। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी ठिकाना बदलने के लिए भागा, लेकिन मुस्तैद टीम ने राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड पर चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
बरामदगी का ब्योरा
- नगदी: 2,64,146 रुपये
- चांदी: 1 किलो 508 ग्राम (कीमत लगभग 3,46,840 रुपये)
- अन्य: नया सैमसंग मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल गमछा
- कुल बरामद संपत्ति: 6,30,286 रुपये
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
”अपराधी चाहे कितना भी शातिर हो और किसी भी कोने में छिप जाए, पुलिस की तकनीकी नजर और तत्परता से बच नहीं सकता। हमारी टीम ने 100 से ज्यादा फुटेज खंगालकर अंतरराज्यीय स्तर पर पीछा किया और शत-प्रतिशत सफलता पाई।”
शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायगढ़




