BIG BREAKING – धरमजयगढ़ के तेजपुर में जंगली हाथी का खूनी तांडव : पत्थलगांव के युवक को दौड़ाकर बेरहमी से कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत…

रायगढ़। वन मंडल क्षेत्र में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बाकारूमा परिक्षेत्र अंतर्गत तेजपुर बीट में एक बेकाबू जंगली हाथी ने 28 वर्षीय युवक को दौड़ाकर बेरहमी से कुचल दिया। हाथी के पैरों तले दबकर युवक ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों के बीच भारी दहशत का माहौल है।

रास्ते में हुआ अचानक आमना-सामना – मृतक की पहचान पत्थलगांव थाना क्षेत्र निवासी सुरेश चौहान (पिता मदन चौहान, उम्र लगभग 28 वर्ष) के रूप में हुई है। सुरेश किसी निजी काम से तेजपुर आया हुआ था। रात करीब 9 बजे वह तेजपुर से ढोढागांव की ओर निकला था। अंधेरी सड़क पर वह कुछ दूर ही बढ़ा था कि सामने अचानक एक विशालकाय जंगली हाथी आ धमका।
जान बचाने की कोशिश नाकाम, हाथी ने पटक कर कुचला – हाथी को सामने देख सुरेश उल्टे पैर जान बचाने के लिए भागा, लेकिन बदहवास दौड़ रहे युवक का हाथी ने पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे अपनी चपेट में ले लिया। हाथी ने युवक को जमीन पर पटककर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अलर्ट के बावजूद हुआ हादसा – बताया जा रहा है कि वन विभाग का अमला इलाके में हाथी के मूवमेंट पर लगातार नजर बनाए हुए था और ग्रामीणों को मुनादी व अन्य माध्यमों से सतर्क रहने की चेतावनी भी दी जा रही थी। इसके बावजूद सुरेश जोखिम भरे रास्ते पर आगे बढ़ गया और सीधे मौत के जबड़े में जा समाया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा व आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों को रात के समय जंगलों और सुनसान रास्तों से दूरी बनाए रखने की सख्त हिदायत दी है।




