बालोद

टीवी विज्ञापन देख झांसे में आया परिवार : कैंसर ठीक करने का दावा कर 13 लाख ठगे

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। बीमारी से बेबस परिवार की मजबूरी का फायदा उठाकर जालसाजी करने का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तंत्र-मंत्र और विशेष अनुष्ठान के जरिए अंतिम चरण (स्टेज-4) के कैंसर का शत-प्रतिशत इलाज का झांसा देकर एक महिला से 13,13,673 रुपये की बड़ी ठगी कर ली गई। पीड़ित महिला ने अपने पति की जिंदगी बचाने की उम्मीद में अपने सोने के गहने गिरवी रखे और रिश्तेदारों से कर्ज लेकर जालसाजों को रकम सौंपी थी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पूरा मामला बालोद जिले के गुंडरदेही ब्लॉक अंतर्गत रनचिरई थाना क्षेत्र के ग्राम सिर्री का है। ग्राम सिर्री की रहने वाली 55 वर्षीया महिला प्रेमलता चंद्राकर के पति कैंसर की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने एक टीवी चैनल पर ‘ज्योतिष संस्था’ नाम से चल रहा एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के निवासी वेद प्रकाश तिवारी, राहुल तिवारी और सृजन तिवारी सहित अन्य लोगों ने महिला को अपनी बातों के जाल में फंसा लिया।

गिरोह के सरगना वेद प्रकाश और उसके साथियों ने दावा किया कि वे विशेष पूजा-पाठ और अनुष्ठान से कैंसर को पूरी तरह ठीक कर देंगे। पति को बचाने के लिए महिला ने अलग-अलग किस्तों में कुल 13 लाख 13 हजार 673 रुपये आरोपियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। जब बीमारी में कोई सुधार नहीं हुआ और महिला ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उसे सीबीआई और कानूनी कार्यवाही की धमकी देकर डराना शुरू कर दिया।

ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने रनचिरई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं 318 (4), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बालोद एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने जिलेवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा:
“टीवी या सोशल मीडिया पर चलने वाले अंधविश्वास, चमत्कारिक इलाज और झाड़-फूंक के विज्ञापनों के बहकावे में बिल्कुल न आएं। कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज केवल विशेषज्ञ डॉक्टरों और प्रमाणित अस्पतालों में ही संभव है। किसी भी तरह के अज्ञात फोन कॉल या विज्ञापनों पर भरोसा करके पैसे ट्रांसफर न करें, सतर्क रहें।”

Feroz Ahmed Khan

संभाग प्रभारी : दुर्ग

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!