रायगढ़

डबल मर्डर से दहला लैलूंगा : मां और 10 माह की मासूम की बेरहमी से हत्या, सिर कुचलकर उतारा मौत के घाट!…

रायगढ़। जिले से दिल दहला देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम छापरपानी में एक सूने बोर मकान में रह रही महिला और उसकी महज 10 महीने की दुधमुंही बच्ची की अज्ञात दरिंदे ने बेरहमी से हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह खुद कमान संभाले हुए हैं और कातिल की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।

खून से लथपथ मिलीं मां-बेटी, मासूम ने मौके पर ही तोड़ा दम – मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका बरत कुमारी (35 वर्ष) के पति की मौत के बाद उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह गांव के बाहर प्रहलाद बेहरा के खेत में बने एक सूने बोर घर में अपनी 10 माह की मासूम बेटी परी के साथ आश्रय लिए हुए थी। 16 जुलाई की सुबह गांव के ही एक शख्स ने मृतिका की मौसी बुधियारो नागवंशी को सूचना दी कि बरत कुमारी पर जानलेवा हमला हुआ है।

​जब ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर उनकी रूह कांप गई। अज्ञात आरोपी ने किसी भारी वस्तु से बरत कुमारी के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया था। वहीं, उसके बगल में सो रही 10 महीने की मासूम परी पर भी कातिल ने रहम नहीं खाया; भारी प्रहार के कारण मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो चुकी थी, जबकि मां गंभीर रूप से तड़प रही थी।

डॉग स्क्वायड और FSL टीम तैनात, एसएसपी खुद कर रहे मॉनिटरिंग – घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी और लैलूंगा पुलिस की टीम फोरेंसिक (FSL) तथा डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची। घटनास्थल से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। मामले में लैलूंगा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 230/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

​मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह खुद लैलूंगा थाना पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का मुआयना किया और पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जल्द से जल्द आरोपी को बेनकाब कर सलाखों के पीछे भेजा जाए। पुलिस फिलहाल कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर लगातार पूछताछ कर रही है।

“रायगढ़ पुलिस हर एक पहलू पर बेहद गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

श्री शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP), रायगढ़

​अब देखना यह है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और पुलिसिया तफ्तीश के जाल में यह बेरहम कातिल कब तक उलझता है। इलाके के लोग सहमे हुए हैं और जल्द से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!