बिलासपुर में 3 दिन से लापता किन्नर की संदिग्ध लाश तालाब में मिली, समुदाय ने लगाया हत्या का आरोप; कार सवार दो युवकों की तलाश…

बिलासपुर। शहर के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पेंडारी स्थित मुरुम खदान के तालाब में मंगलवार को 3 दिन से लापता 28 वर्षीय किन्नर सागर पासी उर्फ शैगी का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव करीब 72 घंटे पुराना होने के कारण डिकंपोज हो चुका है, जिससे शरीर पर बाहरी चोटों के निशान स्पष्ट नहीं हो पा रहे हैं। शहर में पहले भी हुई किन्नर की हत्या और आपसी वर्चस्व की रंजिश के चलते किन्नर समुदाय ने इसे सोची-समझी हत्या करार दिया है। दूसरी ओर, पुलिस शुरुआती तौर पर इसे डूबने का मामला मानकर भी चल रही है।

गायब होने से पहले की पूरी टाइमलाइन
- रविवार सुबह : मन्नू चौक निवासी सागर अपनी स्कूटी लेकर घर से निकला।
- दोपहर (कोरी डैम) : अपने एक साथी के साथ कोटा स्थित कोरी डैम पहुंचा, जहां दोनों ने शराब पी।
- शाम (गनियारी से पेंडारी) : लौटते वक्त गनियारी से दोबारा शराब खरीदी और पेंडारी तालाब के पास रात 9 बजे तक दोनों शराब पीते रहे।
- रात का रहस्यमयी मोड़ : तालाब किनारे एक कार में सवार दो युवक पहुंचे और उन्होंने सिगरेट मांगी। सागर उनके पास बातचीत करने गया।
- आखिरी शब्द : कुछ देर बाद सागर ने अपने साथी से कहा कि उसका मोबाइल बंद हो रहा है। उसने अपनी स्कूटी और फोन साथी को सौंपते हुए उसे घर जाने को कह दिया। इसके बाद से वह लापता हो गया।
वर्चस्व की जंग या साजिश? -सागर पासी साल 2019 से किन्नर समुदाय के साथ रह रहा था। सकरी क्षेत्र में पहले भी किन्नर की हत्या की वारदात सामने आ चुकी है। इसके अलावा इलाके में किन्नरों के बीच लंबे समय से चल रहे वर्चस्व विवाद को देखते हुए समुदाय ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार कर दिया है।
पुलिस की जांच के दो मुख्य बिंदु – एडिशनल एसपी पंकज पटेल के अनुसार, शव लंबे समय तक पानी में रहने की वजह से डिकंपोज हो चुका है, जिससे मौत की सटीक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की मदद से उस संदिग्ध कार और उसमें सवार दोनों युवकों की पहचान में जुटी है, जिनसे सागर की आखिरी बार बातचीत हुई थी।




