रायगढ़ में बड़ी कार्रवाई : देर रात घेराबंदी कर कार से देशी कट्टा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सप्लायर फरार!…

रायगढ़। अवैध हथियारों की तस्करी और अपराध पर नकेल कसने के लिए रायगढ़ पुलिस ने एक बार फिर ‘जीरो टॉलरेंस’ का ट्रेलर दिखाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के कड़े निर्देशन में चक्रधरनगर पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने कल देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने पहाड़ मंदिर के पास घेराबंदी कर एक सफेद रंग की टोयोटा ग्लैंजा कार से अवैध देशी कट्टा बरामद किया है और मौके से दो शातिर आरोपियों को दबोच लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹4.10 लाख की कार और अवैध हथियार जब्त कर आर्म्स एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
ओडिशा के रास्ते आ रही थी मौत की खेप, मुखबिर ने खोला राज- जानकारी के अनुसार, पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से रायगढ़ की तरफ आ रही एक सफेद रंग की कार में दो युवक अवैध देशी कट्टा लेकर किसी बड़ी वारदात या डिलीवरी के इरादे से आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में उप निरीक्षक गेंदलाल साहू की टीम ने तत्काल जाल बिछाया। पुलिस टीम ने देर रात पहाड़ मंदिर शराब भट्टी के पास मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
पुलिस को देख रुकी कार, घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी – इसी दौरान एक सफेद रंग की टोयोटा ग्लैंजा कार (क्रमांक CG-13 AQ-6663) आती दिखाई दी। पुलिस की मुस्तैदी देखकर कार सवार घबरा गए और गाड़ी को कुछ दूरी पर ही रोक दिया। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए कार को चारों तरफ से घेर लिया और उसमें सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम :
- हरीश यादव (26 वर्ष) – निवासी बजरंग रामभाठा, थाना कोतवाली, रायगढ़।
- प्रहलाद केंवट (24 वर्ष) – निवासी अंधियारीपार (जांजगीर-चांपा), हाल मुकाम- उच्चभिट्टी, किरोड़ीमल नगर, रायगढ़।
जब गवाहों की मौजूदगी में कार की सघन तलाशी ली गई, तो उसके भीतर छिपाकर रखा गया एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ।
योगेश चौहान उर्फ ‘सानू’ है हथियारों का सौदागर, पुलिस खंगाल रही नेटवर्क – पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि बरामद देशी कट्टा उन्होंने रायगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बंगलापारा रेलवे स्टेशन निवासी योगेश चौहान उर्फ सानू उर्फ साहिल चौहान से खरीदा था। पुलिस की इस रेड के दौरान योगेश मौका पाकर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस अब फरार आरोपी योगेश की सरगर्मी से तलाश कर रही है और जिले में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले पूरे सिंडिकेट को खंगालने में जुट गई है।
भेजे गये न्यायिक रिमांड पर, इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका – पुलिस ने ₹4 लाख की कार और कट्टा समेत कुल ₹4,10,000 का माल जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट और धारा 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई को अमलीजामा पहनाने में उप निरीक्षक गेंदलाल साहू, आरक्षक मनोज पटनायक और रोशन एक्का की सराहनीय भूमिका रही।
“अवैध हथियारों का परिवहन और इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस पूरी तरह सख्त है। जिले में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को पनपने नहीं दिया जाएगा। इस अवैध हथियार नेटवर्क के पीछे जितने भी लोग हैं, उन्हें ढूंढकर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।”
श्री शशि मोहन सिंह, एसएसपी, रायगढ़




