जमीन के सौदे में बवाल : 10 लाख की कार लूटी! रायगढ़ SSP की दो टूक- ‘कानून हाथ में लिया तो भुगतोगे अंजाम’…

रायगढ़। जमीन के लेन-देन और रुपयों के विवाद में एक युवक को पीटकर उसकी ₹10 लाख की चमचमाती मारुति XL-6 कार जबरन छीनकर भागने वाले शातिर आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने चंद घंटों के भीतर दबोच लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के कड़े तेवरों के बाद हरकत में आई पुलिस ने न सिर्फ आरोपी को जेल की सलाखों के पीछे भेजा, बल्कि लूटी गई कार भी बरामद कर ली है।
इस बड़ी कार्रवाई पर SSP शशि मोहन सिंह ने अपराधियों और कानून हाथ में लेने वालों को खुली चेतावनी देते हुए कहा – “लेन-देन के विवाद का समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए। हिंसा और जबरन संपत्ति छीनने का प्रयास किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। ऐसे अपराधियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई उतनी ही सख्त और बेरहम होगी।”
जमीन के बयाने से शुरू हुआ ‘वसूली भाई’ का खेल – मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। ग्राम भेण्ड्रा निवासी प्रार्थी गजपति राम राठिया (29 वर्ष) के परिवार ने साल 2024 में अपनी पैतृक भूमि का सौदा नावापारा के बेलाल अहमद से ₹7 लाख में किया था। बेलाल ने ₹3.50 लाख एडवांस दिए, लेकिन बाद में मुकर गया और पैसे वापस मांगने लगा। इसी बीच आपसी पहचान का फायदा उठाकर बेलाल ने गजपति की मारुति XL-6 कार मांग कर ली और करीब 7 महीने तक दबाकर बैठ गया।
प्रार्थी ने किसी तरह जमीन दूसरे को बेचकर बेलाल को ₹2.50 लाख लौटाए, तब जाकर उसने कार वापस की। अब हिसाब के मुताबिक सिर्फ ₹1 लाख बाकी थे, लेकिन बेलाल अहमद ‘वसूली भाई’ बन बैठा। वह प्रार्थी पर जबरन ₹10 लाख देने का दबाव बना रहा था और घर आकर जान से मारने की धमकियां दे रहा था।
कारगिल चौक पर सरेराह मारपीट और कार की लूट – बीती 6 जुलाई 2026 को हद पार हो गई। प्रार्थी गजपति अपने दोस्त रामसाय साव उर्फ विक्की के साथ कारगिल चौक के पास खड़ा था। तभी आरोपी बेलाल अहमद वहां पहुंचा और सरेराह विवाद करते हुए गजपति से गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने प्रार्थी की जेब से कार की चाबी जबरन छीन ली और ₹10 लाख की मारुति XL-6 कार (CG-04-QD-4132) लेकर रफूचक्कर हो गया।
पुलिस का ‘ऑपरेशन हंटर’, आरोपी सीधे सलाखों के पीछे – पीड़ित की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने एक स्पेशल टीम बनाई। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी और बेलाल अहमद (पिता कमाल अहमद, उम्र 52 वर्ष, निवासी प्रेमनगर घरघोड़ा) को उसके घर से ही दबोच लिया।
बरामदगी: आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई ₹10 लाख की मारुति सुजुकी XL-6 कार जब्त कर ली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2), 308(5) और 309(6) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे सीधे न्यायिक रिमांड (जेल) भेज दिया गया है।
इस तगड़ी कार्रवाई में भूमिका : इस त्वरित और बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू, एएसआई डेविड टोप्पो, प्रधान आरक्षक खेमराज पटेल, आरक्षक दिनेश सिदार और बसंत तिर्की की सराहनीय भूमिका रही।




