शादी का झांसा देकर 2 साल तक देहशोषण, 2.5 लाख हड़पे और दूसरी से कर ली शादी: रायगढ़ पुलिस ने ओडेकेरा के तरुण कर्ष को भेजा जेल…

रायगढ़। प्यार का नाटक, मंदिर में फर्जी शादी, ढाई लाख की ठगी और फिर दूसरी युवती से ब्याह—धोखेबाजी और दुष्कर्म के ऐसे ही एक सनसनीखेज मामले में रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी तरुण कुमार कर्ष (27 वर्ष) को सलाखों के पीछे भेज दिया है। ‘अभियान संवेदना’ के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के निर्देश पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पहचान से प्रताड़ना तक: अपराध का पूरा घटनाक्रम
- सोशल मीडिया से शुरुआत: वर्ष 2023 में फोन के जरिए सक्ती जिले के ओडेकेरा निवासी तरुण कर्ष की पहचान घरघोड़ा क्षेत्र की युवती से हुई। बातचीत प्यार में बदली और आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखा।
- होटल और किराए के मकान में शोषण: सितंबर 2024 में आरोपी युवती को एक होटल में ले गया और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद मंदिर में शादी का नाटक रचाकर लगातार संबंध बनाता रहा।
- 2.50 लाख रुपये ऐंठे: आरोपी ने खुद को रायपुर-बिलासपुर और चंडीगढ़ में नौकरी का बहाना बनाकर युवती की मजबूरी का फायदा उठाया और अलग-अलग किस्तों में करीब 2.50 लाख रुपये ठग लिए।
- चोरी-छिपे दूसरी शादी व धमकी: 17 अगस्त 2026 को पीड़िता को पता चला कि आरोपी ने किसी अन्य लड़की से शादी कर ली है। विरोध करने और पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।
कानूनी शिकंजा : पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 69 (धोखे से बनाए गए संबंध) एवं 351(3) (धमकी देने) के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा और मेडिकल परीक्षण व पूछताछ के बाद सीधे जेल का रास्ता दिखाया।
“महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर रायगढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। पीड़ित महिलाएं बिना किसी डर के सामने आएं, दोषियों पर तत्काल और सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।”
शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायगढ़




