बालोद

डौण्डी में सफाईकर्मियों पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला : डौंडी पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। जिले के डौण्डी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ सुबह की सफाई में जुटे नगर पंचायत कर्मचारियों पर एक शख्स ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। बालोद पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना, नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटले के मार्गदर्शन में व डौंडी थाना प्रभारी श्रीमती उमा ठाकुर के निरीक्षण में कार्रवाई करते हुए डौण्डी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला 22 अगस्त 2026 की सुबह का है। बंधिया पारा डौण्डी निवासी प्रार्थी रम्हऊ राम भुआर्य (46 वर्ष) अपने साथी कर्मचारियों—प्रेमलाल भुआर्य, कैलाश, ओमू और दमन के साथ तड़के 5:00 बजे से शहर की सफाई में लगे हुए थे। सुबह लगभग 7:00 बजे जब वे बाजार चौक स्थित मछली पसरा के पास सफाई का काम पूरा कर रहे थे, तभी डौण्डी निवासी आरोपी गिरवर देवहारी हाथ में धारदार टंगिया (कुल्हाड़ी) लेकर वहाँ पहुँच गया।

आरोपी ने रम्हऊ और प्रेमलाल पर आरोप लगाया कि उन्होंने बीते दिन उसके साथ गाली-गलौज की थी। इतना कहते ही उसने हत्या की नीयत से रम्हऊ राम के सिर और गर्दन पर सीधा प्रहार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने प्रेमलाल भुआर्य की पीठ पर भी टंगिया से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।

घटना के समय मौजूद सफाई साथी कैलाश, ओमू, दमन और संजीव मानकर ने बीच-बचाव किया और पूरा माजरा देखा। पीड़ितों की शिकायत पर डौण्डी पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 के तहत अपराध क्र. 114/2026 कायम किया। पुलिस टीम ने बिना समय गवाए दबिश देकर आरोपी गिरवर देवहारी को अपनी हिरासत में ले लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Feroz Ahmed Khan

संभाग प्रभारी : दुर्ग

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!