नशे में ‘मास्टर जी’ ने खोया आपा : SDM से भिड़े, अब नपे; सरगुजा DEO ने किया सस्पेंड…

सरगुजा। शिक्षा के मंदिर में अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाले जब खुद मर्यादा भूल जाएं, तो कार्रवाई तय है। सरगुजा जिले के बतौली ब्लॉक में जनगणना प्रशिक्षण के दौरान एक शिक्षक की “नशेबाजी” भारी पड़ गई। शराब के नशे में धुत शिक्षक ने न केवल प्रशिक्षण की गरिमा को तार-तार किया, बल्कि समीक्षा बैठक लेने पहुंचे सीतापुर SDM से ही उलझ गए।
क्या है पूरा मामला? – 29 अप्रैल को स्वामी आत्मानंद स्कूल, बतौली में जनगणना कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तमाम शिक्षक मौजूद थे। इसी दौरान:
- बिलासपुर खालपारा स्कूल के शिक्षक भोलेंद्र पैकरा (LB) शराब के नशे में धुत होकर पहुंचे।
- प्रशिक्षण के दौरान शिक्षक का व्यवहार असामान्य था और वे SDM फागेश सिन्हा से बहस करने लगे।
- शिक्षक की हालत और बदतमीजी देख SDM ने तत्काल उनका मेडिकल चेकअप कराने के निर्देश दिए।
मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि, फिर गिरी गाज : SDM के आदेश पर हुए मेडिकल परीक्षण में शिक्षक के शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद कार्रवाई का चाबुक चलने में देर नहीं लगी:
- BEO की रिपोर्ट : बतौली विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को सौंपी।
- निलंबन (Suspension) : सरगुजा DEO दिनेश झा ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता और कदाचार मानते हुए भोलेंद्र पैकरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
- मुख्यालय परिवर्तन : निलंबन की अवधि के दौरान शिक्षक का मुख्यालय BEO कार्यालय, उदयपुर निर्धारित किया गया है।
“प्रशिक्षण जैसे गंभीर कार्य में इस तरह की अनुशासनहीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी कर्मचारी से गरिमापूर्ण आचरण की अपेक्षा की जाती है, जिसका उल्लंघन होने पर यह कड़ी कार्रवाई की गई है।”




