सत्ता के गलियारों के बीच गूंजी बेबाक पत्रकारिता की धमक : दीपक शोभवानी को मिला ‘बेस्ट रिपोर्टिंग अवार्ड’

- TNP ग्रुप के सीएमडी अमित पांडेय ने होटल बेबीलॉन में नवाजा; मंत्रियों और विधायकों की मौजूदगी में जनसरोकार की कलम को मिला सर्वोच्च सम्मान।…
रायपुर। राजधानी के वीआईपी रोड स्थित होटल बेबीलॉन का मंच उस वक्त जनसरोकार की पत्रकारिता का गवाह बना, जब सत्ता और सियासत के दिग्गजों की मौजूदगी में सच को बेबाकी से उजागर करने वाली कलम को सिर-आंखों पर बिठाया गया। TNP NEWS GROUP द्वारा आयोजित गरिमामयी समारोह में निष्पक्ष, निर्भीक और धारदार पत्रकारिता के लिए दीपक शोभवानी को प्रतिष्ठित ‘बेस्ट रिपोर्टिंग अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान TNP NEWS GROUP एवं TNP AIRLINES के सीएमडी (चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर) अमित पांडेय ने अपने कर-कमलों से प्रदान किया।
“चौथे स्तंभ की असली ताकत चाटुकारिता नहीं, जमीनी सच है” – समारोह के केंद्र बिंदु रहे सीएमडी अमित पांडेय ने दीपक शोभवानी को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और शील्ड सौंपते हुए उनकी तथ्यपरक और निडर रिपोर्टिंग की जमकर सराहना की। खचाखच भरे सभागार को संबोधित करते हुए उन्होंने दो-टूक कहा:
“लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की साख सुविधाभोगी पत्रकारिता से नहीं, बल्कि अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की पीड़ा को बिना लाग-लपेट सामने लाने से बचती है। दीपक शोभवानी ने हमेशा सत्ता और व्यवस्था के सामने जनहित के सवालों को बिना किसी दबाव के रखा है। आज के दौर में ऐसी तथ्यपरक और आक्रामक पत्रकारिता करना बड़ी चुनौती है, जिसे दीपक ने अपनी लगन से साबित कर दिखाया है।”
दिग्गजों की मौजूदगी में गूंजी कलम की ताकत – कार्यक्रम में शासन के वरिष्ठ मंत्रियों, रायपुर क्षेत्र के तमाम विधायकों, प्रशासनिक अमले और प्रबुद्ध नागरिकों की भारी मौजूदगी रही। TNP न्यूज़ के एग्जीक्यूटिव एडिटर राजीव कुमार मंच पर विशेष रूप से उपस्थित रहे। शासन-प्रशासन के तमाम कद्दावर चेहरों ने एक सुर में स्वीकार किया कि दीपक शोभवानी की रिपोर्टिंग केवल खबरें नहीं दिखाती, बल्कि व्यवस्था को आईना दिखाने का काम करती है।
“यह सम्मान अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के भरोसे की जीत है”: दीपक शोभवानी – सम्मान ग्रहण करने के बाद दीपक शोभवानी ने TNP प्रबंधन, सीएमडी अमित पांडेय और एग्जीक्यूटिव एडिटर राजीव कुमार का आभार जताते हुए कहा:
“यह पुरस्कार मेरा व्यक्तिगत नहीं, बल्कि उन अनगिनत आम नागरिकों, पीड़ितों और पाठकों के अटूट विश्वास का परिणाम है जिन्होंने अपनी लड़ाई के लिए मेरी कलम पर भरोसा किया। हुक्मरानों और दिग्गजों के बीच मिला यह सम्मान मेरी जिम्मेदारी को कई गुना बढ़ाता है। यह इस बात का प्रमाण है कि पत्रकारिता जब जनता के हक में खड़ी होती है, तो उसे किसी समझौते की जरूरत नहीं पड़ती। यह सम्मान आने वाले दिनों में सच को और अधिक धार के साथ उठाने का हौसला देगा।”
समारोह के समापन पर उपस्थित जनप्रतिधियों, वरिष्ठ पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों ने दीपक शोभवानी को घेरकर शुभकामनाएं दीं और उनके बेबाक तेवर को पत्रकारिता जगत के लिए एक मजबूत मिसाल बताया।




