अंबिकापुर

ओडिशा से छत्तीसगढ़ तक फैला नशा तस्करी का जाल, रघुनाथपुर पुलिस की टीम ने मुख्य सप्लायर को किया गिरफ्तार…

सरगुजा। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। ‘इंड-टू-इंड’ (जड़ से खात्मे) की रणनीति पर काम करते हुए रघुनाथपुर पुलिस की टीम ने गांजा तस्करी के मामले में ओडिशा से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम नंदकुमार साहू उर्फ नंदा है, जो लंबे समय से अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के सिंडिकेट से जुड़ा हुआ था।

क्या था पूरा मामला? – बीती 26 फरवरी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम गंगापुर में घेराबंदी कर एक सफेद रंग की आई-20 कार (CG 10 AL 8571) को पकड़ा था। उस दौरान मौके से 4 आरोपियों—हेमसागर यादव, खीरो यादव, भूपेंद्र यादव और मुरारी लाल चौबे को गिरफ्तार किया गया था। इनके कब्जे से 4 किलो गांजा, कार और 6 मोबाइल फोन सहित करीब 4.86 लाख रुपये का मशरूका बरामद हुआ था।

पूछताछ में खुला ओडिशा का कनेक्शन – गिरफ्तार आरोपियों से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने खुलासा किया कि वे यह गांजा ओडिशा के सुंदरगढ़ निवासी नंदकुमार साहू से खरीदकर लाए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (IPS) के दिशा-निर्देश पर पुलिस की एक विशेष टीम ओडिशा भेजी गई।

तकनीकी टीम की मदद से दबोचा गया आरोपी – रघुनाथपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक आर.एन. पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी नंदकुमार साहू (36 वर्ष, निवासी ग्राम रस्टि, थाना किजिरकेला, जिला सुंदरगढ़, ओडिशा) को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने गांजा सप्लाई करने का अपराध स्वीकार कर लिया है।

पुलिस की चेतावनी : जारी रहेगी सख्त कार्रवाई – सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। न केवल तस्करी करने वाले, बल्कि उनके मूल सप्लायरों तक पहुँचकर इस पूरे नेटवर्क को जड़ से उखाड़ने की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

कार्यवाही में शामिल टीम : इस सफल ऑपरेशन में चौकी प्रभारी रघुनाथपुर उप निरीक्षक आर.एन. पटेल, आरक्षक मकरध्वज सिंह और उमेश खुटिया की सक्रिय भूमिका रही।

नोट : आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!