कानून को चुनौती देने वाले ‘सिरफिरे’ आशिक पर सरगुजा पुलिस का कड़ा प्रहार; सलाखों के पीछे पहुँचा अमन सिंह…

अंबिकापुर। कानून के साथ लुका-छिपी खेल रहे एक आदतन अपराधी को गांधीनगर पुलिस ने धर दबोचा है। जमानत पर बाहर आकर बार-बार महिला को प्रताड़ित करने और अश्लील हरकतों से बाज न आने वाले आरोपी अमन कुमार सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल और सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।
जमानत मिली पर नीयत नहीं बदली – सूरजपुर जिले के विश्रामपुर (चोपड़ा कॉलोनी) निवासी आरोपी अमन कुमार सिंह पिछले तीन वर्षों से पीड़िता के लिए काल बना हुआ था। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी रायपुर और गांधीनगर थाने में तीन अलग-अलग गंभीर मामले (अपराध क्र. 95/25, 559/25, 603/25) दर्ज हो चुके थे। जेल से जमानत पर छूटने के बाद आरोपी ने सुधरने के बजाय पीड़िता को और अधिक प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
फर्जी आईडी और अश्लील फोटो से दी धमकी – पुलिस के अनुसार, आरोपी न केवल पीड़िता का रास्ता रोककर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देता था, बल्कि उसने डिजिटल अपराध की हदें भी पार कर दी थीं। आरोपी ने पीड़िता के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाई और उसके माध्यम से पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो अन्य लोगों को भेजकर उसे सामाजिक रूप से बदनाम करने और डराने की कोशिश की।
पुलिस की सख्त कार्रवाई : BNS और IT एक्ट के तहत शिकंजा – पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए गांधीनगर पुलिस ने इस बार घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 67, 67(A) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
“अपराधियों में कानून का खौफ होना जरूरी है। बार-बार अपराध दोहराने वाले तत्वों के विरुद्ध पुलिस की यह कार्रवाई एक कड़ा संदेश है।”
कार्यवाही में शामिल टीम : इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, एएसआई राकेश मिश्रा, महिला आरक्षक प्रिया रानी, और आरक्षक अमृत सिंह, अतुल सिंह, अरविंद उपाध्याय, ऋषभ सिंह एवं घनश्याम देवांगन की मुख्य भूमिका रही।




