जनजातीय गौरव दिवस को ऐतिहासिक बनाने सांसद राधेश्याम राठिया ने संभाली कमान, गांव-गांव पहुंचकर समाज के वरिष्ठजनों को दिया आमंत्रण; नवल राठिया भी रहे साथ…

धरमजयगढ़। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में आयोजित होने जा रहे जनजातीय गौरव दिवस समारोह को भव्य, गरिमामय और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। समारोह को जनजातीय समाज की व्यापक भागीदारी वाला आयोजन बनाने के उद्देश्य से सांसद स्वयं गांव-गांव पहुंचकर समाज के वरिष्ठजनों से मुलाकात कर रहे हैं और उन्हें व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित कर रहे हैं।
इसी कड़ी में सांसद राधेश्याम राठिया ने धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर राठिया, कंवर, गोंड सहित अलग-अलग जनजातीय समाज के वरिष्ठजनों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने समाज के प्रबुद्धजनों से चर्चा करते हुए 15 नवंबर को आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस समारोह में सपरिवार एवं समाज के अधिकाधिक लोगों के साथ उपस्थित होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया।
सांसद की पहल, जनजातीय समाज को एकजुट करने का संदेश – सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समाज के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव और प्रेरणा के प्रतीक हैं। उनका संघर्ष, त्याग और बलिदान हमें अपने अधिकारों, संस्कृति, परंपराओं और स्वाभिमान की रक्षा करने की प्रेरणा देता है। जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक योगदान और सामाजिक पहचान को सम्मान देने का अवसर है।
उन्होंने समाज के वरिष्ठजनों से आह्वान किया कि इस गौरवपूर्ण अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि नई पीढ़ी भी अपने महापुरुषों के संघर्ष और गौरवशाली इतिहास से परिचित हो सके।
नवल राठिया भी अभियान में रहे सक्रिय – इस जनसंपर्क एवं आमंत्रण अभियान के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष (अजजा मोर्चा), रायगढ़ नवल राठिया भी सांसद के साथ मौजूद रहे। दोनों ने समाज के वरिष्ठजनों से संवाद कर समारोह में सहभागिता का आग्रह किया।
सांसद की इस पहल को जनजातीय समाज के बीच आपसी संवाद, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक गौरव को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। अब 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में होने वाले इस आयोजन पर सभी की निगाहें टिकी हैं, जहां जनजातीय अस्मिता, परंपरा और भगवान बिरसा मुंडा के विचारों को सम्मान देने के लिए समाज की व्यापक भागीदारी अपेक्षित है।




