स्कूल की 2.5 एकड़ जमीन पर 56 लोगों का कब्जा! हाईकोर्ट सख्त, कलेक्टर समेत तीन अफसरों को एक महीने का अल्टीमेटम…

बिलासपुर। शिक्षा के मंदिर की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला अब हाईकोर्ट तक पहुंच गया है। जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल की करीब ढाई एकड़ जमीन पर 56 लोगों के कथित अतिक्रमण का खुलासा होने के बाद हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। अदालत ने कलेक्टर, एसडीओ (राजस्व) और तहसीलदार को कानून के अनुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई एक महीने के भीतर पूरी करने और अनुपालन रिपोर्ट पेश करने का सख्त निर्देश दिया है।
मामले में शिवरीनारायण निवासी अमन केशरवानी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर स्कूल की जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की थी। सुनवाई के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने शपथपत्र पेश कर स्वीकार किया कि स्कूल को दान में मिली पांच एकड़ जमीन में से शेष ढाई एकड़ पर करीब 56 लोगों का कब्जा है। नतीजा यह है कि स्कूल अपने ही परिसर की जमीन का इस्तेमाल खेल मैदान, भवन विस्तार और जरूरी शैक्षणिक सुविधाओं के लिए नहीं कर पा रहा है।
डीईओ ने अदालत को बताया कि स्कूल प्राचार्य और शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष ने अतिक्रमण हटाने के लिए राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार लिखित आवेदन दिए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। अतिक्रमण के चलते विद्यार्थियों को खेल मैदान और अन्य बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। जमीन खाली होने पर यहां विस्तृत खेल मैदान विकसित करने, खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने तथा स्कूल भवन और अन्य सुविधाओं का विस्तार करने की योजना है।
गौरतलब है कि 12 मई 2023 को हाईकोर्ट ने अतिक्रमणकारियों के पक्ष में अंतरिम आदेश दिया था, जिसके कारण कब्जा हटाने की कार्रवाई प्रभावित रही। हालांकि, अब संबंधित लोगों को कब्जा हटाने के नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
डीईओ के शपथपत्र में 56 लोगों के अतिक्रमण की बात स्वीकार किए जाने को हाईकोर्ट ने गंभीरता से लिया। अदालत ने अब प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि कानून के मुताबिक अतिक्रमण हटाकर स्कूल की जमीन खाली कराई जाए। इसके लिए एक महीने की समयसीमा तय की गई है।
अब बड़ा सवाल यह है कि शिक्षा के लिए दान में मिली जमीन पर वर्षों से जमे कथित कब्जे को प्रशासन वास्तव में कब हटाएगा? हाईकोर्ट की सख्ती के बाद अब कलेक्टर, एसडीओ और तहसीलदार की कार्यशैली पर नजरें टिकी हैं।




