पीले चावल देकर सांसद राधेश्याम राठिया ने जनजातीय समाज को दिया प्रदेश स्तरीय सम्मेलन का न्योता…

- 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में जुटेंगे देशभर के जनजातीय समाज के नेता और जनप्रतिनिधि, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई राष्ट्रीय नेताओं का होगा आगमन…
रायगढ़। धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस एवं जनजातीय सम्मेलन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। इस भव्य आयोजन में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन सहित देशभर के अनेक वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए जनजातीय समाज के बीच व्यापक जनसंपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने जनजातीय समाज के प्रमुखों, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं वरिष्ठजनों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार पीले चावल भेंट किए और 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया।
इस दौरान सांसद राधेश्याम राठिया ने समाज के वरिष्ठजनों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में पहुंचकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने तथा अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराएं, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक योगदान और महापुरुषों का त्याग एवं बलिदान हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इन परंपराओं और विरासत को संरक्षित करना तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
सांसद श्री राठिया ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस महज एक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के स्वाभिमान, सम्मान, अस्मिता और गौरवशाली इतिहास को नमन करने का महत्वपूर्ण अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के महान नायकों ने अपने संघर्ष, त्याग और बलिदान से देश के इतिहास एवं राष्ट्र निर्माण में अविस्मरणीय योगदान दिया है। ऐसे महापुरुषों के आदर्शों और विचारों को आत्मसात करना आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि 15 नवंबर को धरमजयगढ़ की पावन धरा पर आयोजित होने वाला यह प्रदेश स्तरीय सम्मेलन जनजातीय एकता, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव और समाज की सामूहिक सहभागिता का सशक्त मंच बनेगा। इस आयोजन के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
समाज के वरिष्ठजनों से की मुलाकात – आमंत्रण अभियान के दौरान सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने राठिया चंद्रवंशी कंवर समाज के केंद्रीय अध्यक्ष श्री दुर्गा प्रसाद राठिया, केंद्रीय महासचिव श्री जनक राम राठिया, बालाराम राठिया गौटिया, रघुराम राठिया गोटिया सहित जनजातीय समाज के अनेक वरिष्ठजनों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों से भेंट-मुलाकात की। उन्होंने सभी को पीले चावल देकर सम्मेलन में शामिल होने का न्योता दिया।
अंत में सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने समस्त समाज प्रमुखों, सामाजिक पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों एवं जनजातीय बंधुओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में धरमजयगढ़ पहुंचकर इस प्रदेश स्तरीय आयोजन को सफल बनाएं और जनजातीय समाज की एकजुटता, परंपरा एवं सांस्कृतिक गौरव का परिचय दें।




