पत्रकारों से कथित दुर्व्यवहार पर भाजपा घिरी! जिला प्रेस क्लब का दोटूक ऐलान- विद्यावती से लिखित माफीनामा मिलने तक उनके कार्यक्रमों का होगा बहिष्कार…

- दीपावली मिलन समारोह में पत्रकारों के मोबाइल बंद कराने और छीनने की कोशिश का आरोप; भाजपा जिला सह प्रभारी के खिलाफ प्रेस क्लब ने खोला मोर्चा, जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल से लेकर प्रदेश संगठन तक पहुंची शिकायत…
सारंगढ़। भाजपा के दीपावली मिलन समारोह में हुआ विवाद अब पार्टी संगठन और पत्रकारों के बीच टकराव का विषय बनता जा रहा है। 9 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कार्यक्रम में हुई गहमागहमी की कवरेज कर रहे पत्रकारों के मोबाइल फोन बंद कराने और छीनने की कोशिश किए जाने के आरोपों ने पूरे घटनाक्रम को गंभीर बना दिया है। इस मामले में भाजपा जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार का नाम सामने आने के बाद जिला प्रेस क्लब ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है।
मामले को लेकर जिला प्रेस क्लब ने स्पष्ट कर दिया है कि अब केवल मौखिक आश्वासन से बात नहीं बनेगी। पत्रकारों के सम्मान और पेशेगत स्वतंत्रता से जुड़े इस प्रकरण में विद्यावती सिदार को पत्रकारों एवं प्रेस क्लब के समक्ष लिखित माफीनामा देना होगा। ऐसा नहीं होने तक उनकी मौजूदगी वाले जिले के राजनीतिक, सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों का प्रेस क्लब के सदस्य बहिष्कार करेंगे।
मोबाइल बंद कराने और छीनने की कोशिश का आरोप – जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर को भाजपा जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की ओर से दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया था। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। घटनाक्रम की जानकारी जुटाने और उसकी वीडियो कवरेज करने पहुंचे पत्रकार जब अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्डिंग कर रहे थे, तभी कथित तौर पर उन्हें रिकॉर्डिंग बंद करने के लिए कहा गया। इतना ही नहीं, पत्रकारों के मोबाइल फोन छीनने की कोशिश किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं।
पत्रकारों का आरोप है कि यह पूरा घटनाक्रम भाजपा जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार के कहने पर हुआ। हालांकि, इस संबंध में संबंधित पक्ष का जवाब सामने आना बाकी है।
प्रेस क्लब का सख्त रुख, भाजपा संगठन को सीधी चुनौती – घटना के बाद जिला प्रेस क्लब की बैठक में मामले को गंभीरता से उठाया गया। पत्रकारों ने कथित दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किया कि जब तक विद्यावती सिदार लिखित माफीनामा प्रस्तुत नहीं करतीं, तब तक प्रेस क्लब के सदस्य उनके शामिल होने वाले कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखेंगे।
इस संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल को ज्ञापन सौंपा गया है। इसके साथ ही प्रदेश स्तर पर प्रदेश संगठन महामंत्री के नाम भी शिकायत भेजकर मामले में हस्तक्षेप और उचित संगठनात्मक कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रदेश के मंत्री टंकराम वर्मा को भी प्रेषित की गई है।
सवाल सिर्फ एक घटना का नहीं, पत्रकारिता की स्वतंत्रता और सम्मान का है – प्रेस क्लब का कहना है कि पत्रकार किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति के पक्ष में नहीं, बल्कि जनता तक घटनाओं की वास्तविक जानकारी पहुंचाने के लिए कार्यक्रमों की कवरेज करते हैं। सार्वजनिक कार्यक्रम में कैमरा बंद कराने या मोबाइल छीनने की कथित कोशिश पत्रकारों के पेशेगत दायित्वों और स्वतंत्र पत्रकारिता की गरिमा से जुड़ा गंभीर सवाल खड़ा करती है।
अब इस पूरे प्रकरण में भाजपा संगठन की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो गई है। सवाल यह है कि क्या पार्टी नेतृत्व पत्रकारों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले में हस्तक्षेप करेगा? क्या जिला सह प्रभारी से स्पष्टीकरण लेकर संगठनात्मक स्तर पर कोई कदम उठाया जाएगा, या फिर यह विवाद यूं ही लंबा खिंचता रहेगा?
फिलहाल जिला प्रेस क्लब ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है – लिखित माफीनामा नहीं तो कार्यक्रमों का बहिष्कार जारी रहेगा। अब निगाहें भाजपा संगठन के अगले कदम और विद्यावती सिदार के पक्ष पर टिकी हैं।




